शत प्रतिशत चोरी के माल रिकवरी का पुलिस का दावा
02 लाख के जेवरात व 15 हजार की नगदी बरामद
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने करीब 07 माह पूर्व भेल क्षेत्र में हुई चोरी का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी से शत प्रतिशत चोरी के माल की रिकवरी का दावा किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। जिसको मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
कोतवाली रानीपुर प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह बिष्ट ने बताया कि मणिकांत तिवारी पुत्र चन्द्र भूषण तिवारी निवासी टाईप-2 सेक्टर-3 भेल रानीपुर हरिद्वार ने 21 अक्टूबर 22 को कोतवाली में तहरीर देकर शिकायत की थी। शिकायत में कहा गया था कि 20 अक्टूबर 22 की शाम को उसकी पत्नी सब्जी लेने के लिए पीठ और वह बच्चों को लेकर पार्क चला गया। जब वह करीब एक घंटे बाद वापस कमरे पर लौटा, तो देखा कि कमरे का ताला टूटा हुआ है। जब वह भीतर पहुंचा तो देखा कि अलमारी खुली पड़ी है। उसमें रखे जरूरी कागजात बिखरे हुए है। लेकिन अलमारी में रखी सोने की लाखों की कीमत के जेवरात गायब है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चोर की तलाश शुरू कर दी थी।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालते हुए चोरी की शिनाख्त के प्रयास करते हुए तलाश शुरू कर दी। लेकिन चोर का कुछ पता नहीं चला, लेकिन पुलिस की तलाश जारी रही। आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस मुखबिर की भी मदद ली जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को करीब 07 माह पूर्व हुई भेल क्षेत्र में चोरी के अहम जानकारी मुखबिर से मिली। पुलिस टीम ने सूचना पर भेल सेक्टर-2 गुरूद्वारे के पीछे मैदान से एक संदिग्ध को दबोच लिया। जिसकी निशानदेही से पुलिस ने मणिकांत तिवारी के कमरे में हुई चोरी किये गये 2 लाख के जेवरात व 15 हजार की नगदी बरामद कर ली।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम विशाल पुत्र कश्मीरी लाल निवासी विष्णु शर्मा का किराए का मकान सुभाष नगर थाना ज्वालापुर हरिद्वार बताया है। पुलिस का दावा हैं कि आरोपी से चोरी का माल शत प्रतिशत रिकवर कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। जिसको मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
