आरोपः पीडिता को पैसों व जेवरात के लिए कर रहा था ब्लेकमेल
कोतवाली नगर पुलिस ने किया आरोपी को गिरफतार, दो साथी फरार
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। युवती को गुमराह कर साजिश के तहत फर्जी विवाह पंजीकरण कर तथा पैसों व जेवरात की डिमांड करते हुए ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को कोतवाली नगर पुलिस ने शनिवार को गिरफतार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को सम्बंधित मुकदमें में निरूद्ध कर मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस इस मामले में दो अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस का दावा हैं कि जल्द ही फरार दोनों आरोपियों को गिरफ्रतार कर लिया जाएगा।
कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक राकेन्द्र सिंह कठैत ने बताया कि क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने 20 अगस्त 22 को तहरीर देकर शिकायत की थी कि सन्नी अरोड़ा उर्फ चंदन पुत्र रमेश अरोड़ा निवासी गोसाई गली भीमगोड़ा हरिद्वार ने 8-9 साल पूर्व उसकी बेटी को भ्रम में रखकर दोस्ती कर ली। आरोप हैं कि जिसके बाद सन्नी अरोड़ा ने साजिश के तहत धोखाधड़ी करते हुए 15 दिसम्बर 2016 को विवाह दिखाकर 03 मार्च 2017 को रजिस्ट्रार विवाह पंजीकरण के यहां पर फर्जी विवाह पंजीकरण करा दिया। विवाह पंजीकरण साज गवाह दो युवकों हरिओम पुत्र ब्रहमपाल निवासी गोसाई गली नई बस्ती भीमगोड़ा हरिद्वार और विशाल पांडेय पुत्र जय प्रकाश पांडेय निवासी हिलबाई पास खड़खड़ी हरिद्वार को बनाया गया है।
आरोप हैं कि आरोपी सन्नी अरोड़ा एडिट फोटो व वीडियों भेजकर वायरल करने की धमकी देकर बेटी का शरीरिक व आर्थिक शोषण करते हुए ब्लैकमेल करता रहा है। आरोपी उसकी बेटी को घर से जेवरात व पैसे लाकर देने के लिए दबाब डालते हुए समाज के सामने बदनाम करने की धमकी दे रहा है। तहरीर में कहा गया हैं कि 17 अगस्त 22 को उसके बड़े बेटे के मोबाइल पर फोन कर अज्ञात कॉलर ने धमकाते हुए कहा कि उसकी डिमांड पूरी नहीं की गयी तो वह उसकी बहन को बदनाम कर देगा।
आरोप हैं कि जब उसकी डिमांड पूरी नहीं की गयी तो बेटी के एडिट फोटो व वीडियों सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। पुलिस ने पीडित पिता की तहरीर पर मुख्यारोपी समेत गवाहों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। जिसकी विवेचना महिला उपनिरीक्षक प्रिंयका भारद्वाज को सौपी गयी थी। विवेचक ने जांच के बाद आरोपों को सही पाया और आरोपी को बीती शाम मुखबिर की सूचना पर बस अड्डे के बाहर से दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी को दर्ज मुकदमें में निरूद्ध करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस मामले मे दो अन्य आरोपियों की भी तलाश कर रही है। जिनको जल्द गिरफतार कर लिया जाएगा।
