मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कांवड़ मेले में देश के अलग-अलग राज्यों से हरिद्वार पहुंच रहे शिवभक्तों की सुरक्षा को लेकर एसडीआरएफ मुस्तैद है। गंगा के तेज बहाव को देखते हुए संपूर्ण कांवड़ मेला क्षेत्र के प्रमुख गंगा घाटों पर एसडीआरएफ की आठ टीमें तैनात की गई हैं, जो लगातार घाटों पर निगरानी बनाए हुए हैं। इसी सतर्कता और तत्परता के चलते एसडीआरएफ के जवानों ने अलग-अलग गंगा घाटों से स्नान के दौरान डूबे 20 कांवडियों को सुरक्षित रेस्क्यू कर उनकी जान बचाई है। एसडीआरएफ के जवानों की इस त्वरित कार्रवाई की कांवड़ यात्रियों और स्थानीय लोगों द्वारा सराहना की जा रही है।
कांवड़ मेले के दौरान एसडीआरएफ की तैनात टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर रेस्क्यू अभियान चलाकर अब तक जिन गंगा घाटों से कांवडियों को बचाया, उनमें कांगड़ा घाट, हरिद्वार से 13, प्रेमनगर घाट से 5, जबकि लक्ष्मण झूला क्षेत्र के गीता भवन घाट से 1 और त्रिवेणी घाट से 1 कांवड़ यात्री शामिल है। कांवड मेले में पुलिस और एसडीआरएफ टीमों द्वारा भी कांवड यात्रियों से गंगा के बीच में ना जा कर सुरक्षित व निर्धारित स्थलों पर ही स्नान करने की अपील की जा रही है।
