मुकेश वर्मा
हरिद्वार। हरिद्वार तीर्थनगरी में कांवड़ यात्रा अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। लाखों की संख्या में डाक कांवड़िए पवित्र गंगाजल लेने हरिद्वार उमड़ पड़े हैं। जहाँ कावड़ मेला प्रारंभ होने से लेकर अभी तक 3 करोड़ 19 लाख 48 हजार कांवडिये जल भर कर अपने गतंव्य की ओर रवाना हो चुके है। वही बढ़ती भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए जिला और पुलिस प्रशासन ने अपनी पूरी ताकत हाईवे व नहर पटरी समेत पार्किग स्थलों पर लगा दी है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर देर रात जीरो ग्राउंड पर पहुंचकर डाक कांवड़ मार्ग और मोतीचूर तक हाईवे का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने भीड़ प्रबंधन, यातायात, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने पार्किंग स्थलों पर बिजली, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए। साथ ही बारिश को देखते हुए हाईवे पर जलभराव वाले क्षेत्रों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए है।
वहीं शंकराचार्य चौक स्थित स्वास्थ्य कैंप का निरीक्षण कर कांवड़ियों को मिल रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली गई और चिकित्सकों को चोटिल शिवभक्तों का तत्काल उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने बताया कि यातायात के दबाव को देखते हुए भारी वाहनों और दोपहिया वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर भेजा जा रहा है। प्रशासन ने कांवड़ियों से यातायात और रूट डायवर्जन संबंधी गाइडलाइन का पालन करने तथा निर्धारित पार्किंग में ही वाहन खड़ा करने की अपील की है।
