मुकेश वर्मा
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ यात्रा अपने चरम पर है। लाखों की संख्या में कांवड़िए हर दिन हरिद्वार पहुंच रहे हैं, लेकिन लगातार हो रही बारिश और जगह-जगह जलभराव के साथ मेले के दौरान जमा हो रहा कचरा अब स्वास्थ्य के लिए चिंता का कारण बनता दिखाई दे रहा है। नमी और गंदगी के कारण चर्म रोग, खासकर फंगल इंफेक्शन के मामले बढ़ने की बात सामने आ रही है। स्थानीय नागरिकों के साथ कांवड़ यात्रियों को भी सावधानी बरतने की जरूरत है।
हरिद्वार में बारिश के बाद जगह-जगह जमा पानी और कांवड़ मेले के दौरान सड़कों व आसपास छोड़ा गया कचरा संक्रमण का खतरा बढ़ा रहा है। वरिष्ठ चर्म रोग विशेषज्ञ डॉक्टर के. स्वरूप के मुताबिक, इन दिनों फंगल इंफेक्शन के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। बारिश के कारण बढ़ी नमी, पसीना, लंबे समय तक गीले कपड़ों या जूतों में रहना और साफ-सफाई की कमी फंगल इंफेक्शन को बढ़ावा दे सकती है। वहीं, जलभराव और कचरे के कारण भी संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। चर्म रोग विशेषज्ञ ने लोगों से अपील की है कि शरीर और कपड़ों को सूखा रखें, व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान दें और त्वचा पर किसी भी तरह के संक्रमण के लक्षण दिखाई देने पर बिना देरी किए चिकित्सकीय सलाह लें।
