चोरी की गयी नगदी से 25 हजार से अधिक की नगदी बरामद
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने दुकान के गल्ले से लाखों की नगदी उड़ाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से पुलिस ने गल्ले से उड़ाई गयी नगदी से 25 हजार से अधिक की नगदी बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपी को मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
कोतवाली ज्वालापुर प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि श्याम सुंदर विरमानी निवासी प्रो0मैसर्स श्याम सुंदर विरमानी एण्ड जटवाड़ा पुल ज्वालापुर हरिद्वार ने 01 नवम्बर 23 को कोतवाली में तहरीर देकर शिकायत की थी। शिकायत में कहा गया था कि अज्ञात द्वारा 27 अक्टूबर को उसकी दुकान के गल्ले से 2,11, 000 की नगदी चोरी कर ले गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालते हुए चोर की शिनाख्त के प्रयास करते हुए तलाश शुरू जारी रखी। पुलिस ने चोर को दबोचने के लिए मुखबिर की भी मदद ली गयी।
एसएचओ ने बताया कि पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी कि इसी दौरान मुखबिर की सूचना मिली कि आरोपी को बहादराबाद जाने वाली नहर पटरी पर देखा गया है। पुलिस ने सूचना के आधार पर आरोपी को मुखबिर की निशानदेही से दबोच लिया। जिसको कोतवाली लाकर पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम रहीस अहमद उर्फ शोएब पुत्र उमर दराज निवासी सराय कोतवाली ज्वालापुर हरिद्वार बताते हुए खुलासा किया कि उसने ही व्यापारी के गल्ले से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही से चोरी की गयी नगदी से 25,570 रूपये की नगदी बरामद की। जबकि अन्य नगदी खर्च कर देने की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। जिसको मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
