दो कांवड़िये अभी भी लापता, एसडीआरएफ तलाश मे जुटी
दिल्ली से कांवड लेने आये थे, तीन हादसे का हुए शिकार
शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के किया सुपूर्द
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। भोपतवाला क्षेत्रा स्थित परमार्थ घाट पर स्नान के दौरान डूबे तीन कांवड़ियों में से एसडीआरएफ ने एक कांवड़िये का शव सोमवार को कनखल थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया। जबकि दो कांवड़िये अभी भी लापता हैं, जिनकी एसडीआरएफ टीम तलाश में जुटी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनो के सुपूर्द कर दिया। बताया जा रहा हैं कि दिल्ली कांवड लेने के लिए हरिद्वार पहुंचे थे चार कांवड़िये, जिनमें तीन हादसे का शिकार हो गये।
कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक राकेन्द्र सिंह कठैत ने बताया कि रविवार को दिल्ली के चार कांवड़िये बिन्नी पुत्र प्रमोद निवासी मानसरोवर पार्क शाहदरा दिल्ली, प्रियांशु पुत्र विनोद कुमार निवासी शाहदरा दिल्ली, अमन पुत्र विजय कुमार निवासी रामनगर मण्डोली रोड़ शाहदरा दिल्ली और यस पुत्र पम्मी निवासी शाहदरा दिल्ली कांवड लेने के लिए हरिद्वार पहुंचे थे। जोकि रविवार को भोपतवाला क्षेत्र स्थित परमार्थ घाट पर स्नान कर रहे थे। जिनमें एक कांवड़िया तेज बहाव की चपेट में आने से बह गया, जिसको बचाने के लिए दो दोस्तों ने गंगा में छलांग लगा दी। जोकि खुद भी गहरे पानी की चपेट में आने से गंगा में समा गये।
चौथे कांवड़िये बिन्नी ने अपने साथियों को डूबता देख शोर मचा दिया। सूचना पर सप्तऋषि चौकी प्रभारी प्रकाश चंद मौके पर पहुंचे और जानकारी लेने के बाद एसडीआरएफ टीम को मौके पर बुलाया गया। एसडीआरएफ टीम ने डूबे तीनों कांवड़ियों की तलाश के लिए सर्च अभियन शुरू कर दिया। लेकिन देर शाम तक डूबे कांवड़ियों को कोई सुराग नहीं लग सका। चौथे कांवड़िये बिन्नी ने घटना की जानकारी गंगा में डूबे दोस्तों के परिजनों को भेज दी, जोकि हरिद्वार पहुंच चुके है। पुलिस ने सोमवार को डूबे एक कांवड़िये अमन उम्र 25 साल का शव कनखल थाना क्षेत्र स्थित आयरिस पुल के नीचे से बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले की जानकारी मृतक के परिजनों को देते हुए शव को पोस्टमार्टम के बाद उनके सुपूर्द कर दिया। पुलिस डूबे दो कांवड़ियों की तलाश में जुटी है।
