पार्षदों को दिये नोटिस में कई बिन्दुओं को अंकित किया गया
पार्षदों पर उनको व पति को बदनाम करने का लगाया आरोप
नोटिस का जबाब देने के लिए पार्षदों को दिया तीन दिन का समय
जबाब ना देने पर मानहानि का मुकदमा व सदस्यता निरस्त करने की होगी कार्यवाही
पार्षदों में श्रीमती मोनिका, सपना, निशा, लोकेश, अनुज, अनिरूद्ध, सुनील शामिल
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। महापौर नगर निगम श्रीमती अनिता शर्मा ने निगम के तीन महिला समेत सात पार्षदों को अनुशासनहीनता का नोटिस जारी किया है। जिन पार्षदों को नोटिस जारी किया गया हैं उनमें श्रीमती मोनिका सैनी, श्रीमती सपना शर्मा, श्रीमती निशा नौडियाल, लोकेश पाल, अनुज सिंह, अनिरूद्ध भाटी, सुनील अग्रवाल शामिल है।
नोटिस में महापौर ने कहा है कि 03 जून को टाउनहाल में आहूत नगर निगम हरिद्वार के बजट बोर्ड बैठक की कार्रवाही के दौरान आप सदन से बिना अधोहस्ताक्षरी सूचित किये हुये सदन से उठकर बाहर चले गये तथा थोड़ी देर के पश्चात् सदन में उपस्थित होकर आप के द्वारा कहा गया कि मेरे पति अशोक शर्मा सदन के बाहर अर्द्धनग्न होकर अश्लीलता कर रहे हैं। जिस कारण आप महिला पार्षद आपने को असुरक्षित महसूस कर रहें है और आपके द्वारा सुरक्षा के लिए गनर उपलब्ध कराने की मांग की गई थी।
उक्तानुसार आप के द्वारा अमर्यादित आचरण करते हुए सदन में अपशब्दों का प्रयोग किया गया। समाचार पत्रों में भी आपके अमर्यादित आचरण पर टिप्पणी करते हुए लिखा गया कि सदन में पहली बार ऐसी शब्दावली का प्रयोग किया गया, जो लिखने योग्य नही है। आपके अमर्यादित आचरण के कारण सदन की गरिमा भी गिरी है और बजट अधिवेशन स्थगित करना पड़ा है, जिसका सीधा असर जनहित एवं विकास के कार्यों पर पडेगा। इसलिए आपको सूचित किया जाता है कि तीन दिन के भीतर साक्ष्य व प्रमाण, प्रस्तुत करें कि मेरेे पति अर्द्धनग्न अवस्था में सदन के बाहर बैठे हुए थे।
जिनके द्वारा अभद्र अश्लील आचरण किया गया हो तथा अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया हो। अन्यथा यह मानते हुए कि आप द्वारा जानबूझकर निगम में अव्यवस्था उत्पन्न करने तथा मुझे व मेरे पति को बदनाम करने के उद्देश्य से सदन में हंगामा एवं अमर्यादित आचरण किया गया। साथ ही सदन की कार्यवाही के दौरान आप के द्वारा बिना अधोहस्ताक्षरी की अनुमति के सदन से बाहर होने का स्पष्टीकरण प्रस्तुत करे। यदि आपके द्वारा 3 दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत अथवा स्पष्टीकरण संतोषजनक न होने पर आपके विरूद्ध मानहानि का मुकदमा दर्ज कराने के साथ-साथ आपकी सदस्यता निरस्त करने की कार्यवाही अमल में लाई जायेगी। जिसका समस्त उत्तरदायित्व आपका होगा।
