पब्लिक ने धुनाई कर पुलिस को सौपा, जबकि साथी हुआ फरार
झपटमारों की बाइक कार से टकराने पर दबोचने में मिली सफलता
झपटमार से महिला का मोबाइल व वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। महिला से मोबाइल झपटकर भागते झपटमारों की बाइक कार से टकरा कर गिर पड़े। जिनमें एक बदमाश को पब्लिक ने दबोच लिया। जिसकी जमकर धुनाई करते हुए पुलिस के हवाले कर दिया। जबकि उसका साथी भाग निकलने में कामयाब रहा। पुलिस ने दबोचे गये आरोपी से महिला का झपटा गया मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। पुलिस ने पीडिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। जिसको मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुट गयी है।
कनखल थाना एसओ नितेश शर्मा ने बताया कि एक महिला श्रीमती कामनी पत्नी मदन सिंह निवासी मौहल्ला चॉकलान कनखल हरिद्वार सोमवार की रात को वह घर से बाजार सामान खरीदने जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आये बाइक सवार दो युवकों ने उसके हाथ से मोबाइल झपटकर भाग गये। बदमाशों को पकड़ने के लिए महिला ने शोर मचा दिया। इसी दौरान भागते बाइक सवार सामने से आ रही कार से टकरा कर गिर पड़े। जिनमें एक बदमाश को पब्लिक ने दबोच लिया, जबकि उसका साथी भाग निकलने में कामयाब रहा। पब्लिक ने पकडे गये बदमाश से महिला से झपटा गया मोबाइल बरामद कर लिया।
पूछताछ के दौरान पकड़े गये बदमाश ने अपना नाम अमित पुत्र नरेन्द्र निवासी ग्राम दुर्गागढ़ पथरी हरिद्वार बताया है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर झपटमार को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने झपटमार से वारदात में इस्तेमाल बाइक भी बरामद कर ली। पुलिस ने महिला की तहरीर पर दबोचे गये आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। जबकि फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
