■तेल चोरी की वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट डिजायर कार समेत औजार बरामद
■आरोपी का साथी अंधेरे का लाभ उठाकर हुआ मौके से फरार, तलाश जारी
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। तेल टेंकर व सड़क किनारे खड़े वाहनों से तेल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने गश्त के दौरान एक आरोपी को दबोचा है। जबकि उसका साथी अंधेरे का लाभ उठाते हुए फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने तेल चोरी की वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है। कार की तलाशी लेने पर पुलिस ने उसमें से तेल से भरी दो और दो खाली प्लास्टिक कैन समेत प्लास्टिक के कट्टे से औजार बरामद किये है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए कार को सीज कर दिया। पुलिस ने गिरफ्तार किये गये आरोपी को मेडिकल के बाद न्यायालय मंे पेश कर जेल भेज दिया। वहीं फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

भगवान पुलिस के अनुसार बीती रात पुलिस का गश्ती दल क्षेत्र में गश्त पर था। इसी दौरान सिकंदरपुर से गांगलहेडी की ओर जाने वाले अंतराज्यीय मार्ग स्थित सैनी धर्म कांटे के पास एक स्विफ्ट डिजायर कार को संदिग्ध हालत मंे खड़ी पाया। जब पुलिस कार की ओर बढी तभी कार से उतर कर एक व्यक्ति भाग खड़ा हुआ। जिसको देखकर पुलिस के गश्ती दल को शक पैदा हो गया। गश्ती दल में कार में सवार एक व्यक्ति को हिरासत में लेते हुए कार की तलाशी ली। पुलिस के गश्ती दल ने कार से तेल से भरी दो प्लास्टिक कैन और दो खाली प्लास्टिक कैन के साथ प्लास्टिक के कट्टे से औजार बरामद किये।

पूछताछ के दौरान संदिग्ध ने अपना नाम शमशाद पुत्र असगर निवासी मख्मुल्ला कॉलोनी गागलहेडी सहारनपुर बताते हुए खुलासा किया कि वह सड़क किनारे खड़े वाहनों व तेल टेंकर से चोरी की योजना बना रहे थे। इसी दौरान पुलिस के पहुंचने पर उसका साथी अमजद पुत्र असगर निवासी मोहदीपुर जनकपुरी सहारनपुर कार से उतर का फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी समेत कार को लेकर कोतवाली पहुंची। कोतवाली में आरोपी के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। वहीं फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पूछताछ के दौरान आरोपी ने तेल चोरी करने तथा बेचने के सम्बंध में अहम जानकारी पुलिस से साझा की है। पुलिस जानकारी के आधार पर मामले की जांच में जुट गयी है।

