मुकेश वर्मा
हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/डीआईजी डॉ. योगेन्द्र सिंह रावत ने रेल चौकी ज्वालापुर में तैनात सिपाही को लापरवाही बरतने पर उसको तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इस बात की जानकारी एसएसपी जनसंपर्क अधिकारी वीसी पाठक ने देते हुए बताया कि रेल चौकी ज्वालापुर में तैनात कांस्टेबल कुशलानंद पर डयूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
बताया कि भगत सिंह चौक के समीप 12 अगस्त को ट्रेन से कटकर एक युवक की मौत हो गयी थी। जिसकी शिनाख्त नहीं हो पाई थी। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाते हुए पहचान के प्रयास किये जा रहे थे। इसी दौरान 13 अगस्त को लापता सौरभ त्यागी के परिजन उसकी गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए रेल चौकी ज्वालापुर पहुंचे। जहां पर तैनात सिपाही कुशलानंद ने परिजनों को अज्ञात शव मिलने की जानकारी ना देते हुए उनको भ्रमित कर कनखल थाने भेज दिया था। मामला एसएसपी केे संज्ञान में आने के बाद सिपाही की ड्यूटी में लापरवाही मानते हुए उसके खिलाफ कार्यवाही करते हुए उसको तत्काल निलंबित कर दिया।
