722 कैदियों की जांच रिपोर्ट में मिले हेपिटाइटिस के 56 कैदी
जेल में हेपिटाइटिस संक्रमित कैदी मिलने से खड़े हुए कई सवाल
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। जिला रोशनाबाद जेल में कोरोना के बाद अब हेपिटाइटिस के 56 कैदी मिलने से हड़कम्प मच गया है। स्वास्थ्य विभाग ने गत दिनो जेल में पहुंचकर 722 कैदियों के जांच के लिए सैम्पल लिए थे। जिनमें 70 कैदी कोरोना पॉजीटिव मिले थे, लेकिन अब हेपिटाइटिस की रिपोर्ट आने पर 56 कैदी हेपिटाइटिस संक्रमित पाये गये है।
बताया जा रहा हैं कि स्वास्थ्य विभाग हेपिटाइटिस संक्रमित कैदियों को अन्य जांचों के लिए जिला अस्पताल में भेजने के लिए कहा जा सकता है। जिला अस्पताल में हेपिटाइटिस संक्रमित कैदियों की गम्भीरता का पता लगाने के लिए अल्ट्रासाउंड समेत अन्य जांच की जा सकती हैं।
बताते चले कि गत दिनों 03 अगस्त को जिला रोशनाबाद जेल में 70 कैदी कोरोना पॉजीटिव मिलने से हड़कम्प मच गया था। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जेल में बंद कैदियों में हेपिटाइटिस जांच के लिए हेपिटाइटिस नोडल अधिकारी डॉ. रामप्रकाश के नेतृत्व में एक टीम 28 जुलाई 22 को जिला रोशनाबाद जेल भेजी गयी थी। बताया जा रहा हैं कि जहां पर चिकित्सक टीम ने करीब 1200 कैदियों की जांच की गयी थी, जिनमें 722 कैदियों के जांच के लिए सैम्पल लिए गये थे।
जिनको जांच के लिए मेला और जिला अस्पताल भेजा गया था। जहां पर मेला अस्पताल में कैदियों के सैम्पल की जांच में 70 कैदी कोरोना पॉजीटिव पाये गये थे। लेकिन हेपिटाइटिस की जांच के लिए कैदियों के सैम्पल जिला अस्पताल भेजे गये थे। जहां पर जांच के दौरान 56 कैदी हेपिटाइटिस संक्रमित पाये गये है। जिसके बाद जेल प्रशासन में हड़कम्प की स्थिति है।
हेपिटाइटिस के 56 कैदियों में 10 कैदी हेपिटाइटिस बी, 46 कैदी हेपिटाइटिस सी संक्रमित मिले है। सीएमओ डॉ. कुमार खगेन्द्र सिंह ने बताया कि जेल में कैदियों के लिए गये सैम्पल की हेपिटाइटिस जांच में 56 कैदी हेपिटाइटिस संक्रमित मिले है। जिनमें 46 कैदी हेपिटाइटिस सी और 10 कैदी हेपिटाइटिस बी के लक्षण मिले है।
