पति का रूका वेतन देेने के नाम पर घर पहुंचकर की थी गंदी हरकत
कर्मी की पत्नी ने कराया कोतवाली रानीपुर में मुकदमा, जांच शुरू
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कम्पनी ठेकेदार पर पति का रूका वेतन देने के नाम पर घर पहुंचकर अश्लील हरकत करने तथा विरोध करने पर गाली गलोच कर दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोप महिला ने लगाया है। महिला ने न्यायालय के आदेश पर कोतवाली रानीपुर में ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली रानीपुर प्रभारी निरीक्षक रमेश तनवार ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र निवासी एक महिला ने कोर्ट के आदेश पर तहरीर देकर शिकायत की है। शिकायत में कहा गया हैं कि उसका पति सिडकुल कम्पनी में काम करता है। कम्पनी ठेकेदार ओनकार चौधरी पुत्र दयाराम चौधरी निवासी शिवालिकनगर रानीपुर हरिद्वार ने उसके पति का वेतन खाते में कम डाला था। जिसकी शिकायत उसके पति ने ठेकेदार से की थी। जिसपर ठेकेदार ने बकाया वेतन उसके घर पर पहुंचा देने का भरोसा दिया था।
आरोप हैं कि ठेकेदार ओनकार चौधरी 14 मार्च 22 की सुबह उसके घर पर बकाया वेतन देने के लिए पहुंचा। उस वक्त घर में वह अकेली थी। आरोप हैं कि ठेकेदार घर में घुकर बैठ गया और उसका हाथ पकड़ कर अश्लील हरकत करने लगा। जिसका विरोध करने पर ठेकेदार ने कमरे का दरवाजा बंद कर उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। उसके शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर कमरे का दरवाजा खुलवाया। आरोप हैं कि ठेकेदार ने वहां से जाते वक्त उसको जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
