उल्टी, चक्कर, दस्त, कमजोरी, घबराहट की शिकायत पर पहुंचे अस्पताल
जिला व मेला अस्पताल समेत निजी अस्पताल में मरीज भर्ती
डीएम, सीडीओ, सीएमओ, नगर विधायक समेत नेता अस्पताल पहुंचे
डीएम ने दिये मरीजों के स्वास्थ्य को लेकर कड़े निर्देश
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कुट्टू आटा खाने से करीब एक सौ लोग बीमार हो गये। जिसकी जानकारी लगते ही प्रशासन में हड़कम्प मच गया। जिनको उपचार के लिए जिला अस्पताल और मेला अस्पताल समेत अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। जिलाधिकारी, सीडीओ, सीएमओ, नगर विधायक समेत विभिन्न राजनैतिक दलों के नेताओं ने अस्पतालों में पहुंचकर बीमार लोगों का हाल जाना। डीएम ने जिला व मेला अस्पताल के सीएमओ को मरीजों की स्थिति की जानकारी लेेने के बाद उनको व्यवस्था व उपचार के सम्बंध में दिशा निर्देश दियें। बताया जा रहा हैं कि चिकित्सकों की एक टीम श्यामपुर कांगडी भेजी जा रही हैैं, जहां पर कुट्टू आटे से बीमार लोग घरों में अपना उपचार करा रहे है।
चैत्र नवरात्रों के पहले दिन उपवास रखने वाले लोगों ने शाम को उपवास खोलने के लिए कृट्टू के आटे का सेवन किया था। जिसके बाद कुट्टू का आटे का इस्तेमाल करने वालों को चक्कर, उल्टी, दस्त, कमजोरी व घबराहट की शिकायत शुरू हो गयी। बताया जा रहा हैं कि कुछ लोग को अधिक परेशानी होने पर उनको परिजन जिला अस्पताल उपचार के लिए ले गये। चिकित्सकों ने उनमें फूड प्वाइजनिंग को देखते हुए भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया। लेकिन दिन निकलते ही कुट्टू मे आटे से फूड प्वाइजनिंग से बीमार लोगों की संख्या में इजाफा होता चला गया।
बताया जा रहा हैं कि जिला अस्पताल में सुबह तक फूड प्वाइजनिंग से बीमार लोगों की संख्या 37 तक पहुंच गयी। वहीं मेला अस्पताल में भी 40 बीमार लोगों को भर्ती कराया गया है। जबकि भूमानंद अस्पताल में भी करीब 20 लोगों के भर्ती होने की बात कही जा रही है। इसके अलावा कई बीमार लोगों को उनके परिजनों द्वारा निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। हरिद्वार में कुट्टू के आटे का सेवन करने से करीब सौ लोगों के बीमार होने की सूचना से प्रशासन में हड़कम्प मच गया। सूचना पर डीएम विनय शंकर पाण्डेय, सीडीओ डाॅ. शैरभ गहरवार, सीएमओ डाॅ. कुमार खमेन्द्र, नगर विधायक व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन कौशिक, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सतपाल ब्रहा्रचारी समेत कई अन्य राजनैतिक दलों के नेताओं ने जिला अस्पताल व मेला अस्पताल पहुंचकर बीमार लोगों को हाल जाना।
डीएम विनय शंकर पाण्डेय ने जिला अस्पताल के पीएमएस डॉ. सीपी त्रिपाठी और मेला अस्पताल के सीएमओ डाॅ. राजेश गुप्ता से बीमार लोगों के स्वास्थ्य के सम्बंध में जानकारी लेते हुए उनकी व्यवस्था तथा उपचार के सम्बंध् में दिशा निर्देश दिये। वहीं नगर विधायक मदन कौशिक ने भी बीमार लोगों के परिजनों को भरोसा दिलाया की बीमार लोगों के उपचार के सम्बंध् में किसी भी प्रकार कोई कोताही बरतने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने सीएमएस से भी लोगों के उपचार के सम्बंध् में कडे कदम उठाने को कहा है।
मेला अस्पताल के सीएमएस डाॅ. राजेश गुप्ता ने बताया कि मेला अस्पताल में 39 फूड प्वाइजनिंग के मरीज भर्ती हैं जोकि चण्डी घाट बस्ती, ब्रहा्रपुरी, श्यामपुर के निवासी है। जिनको कुट्टू आटा खाने के बाद आज सुबह चक्कर, उल्टी, दस्त, कमजोरी की शिकायत पर भर्ती कराया गया हैं। जिला अस्पताल के कार्यवाहक सीएमएस डाॅ.चंदन मिश्रा ने बताया कि जिला अस्पताल में रात से फूड प्वाइजनिंग के मरीजों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। जोकि सुबह होते ही बढता चला चला गया। इस वक्त अस्पताल में 37 मरीज भर्ती है। जबकि डीएम के आदेश पर चिकित्सकों की एक टीम श्यामपुर कांगडी भेजी जा रही हैं जहां पर फूड प्वाइजनिंग के मरीज होने की बात कही जा रही है। जबकि भूमानंद अस्पताल में करीब 20 मरीजों के भर्ती होने की बात सामने आ रही है।



