04 लाख की कीमत की दो चेने व मंहगी कार बरामद
बच्चों की फीस जमा करने के लिए महिला बनी थी चोर
हापूड़ में हैं पति की इलैक्ट्रॉनिक समान की दुकान
बड़े बेटे के झगड़ों से परेशान होकर हापूड़ शहर छोड़ा
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। श्रीमद् भागवत कथा में दो महिलाओं की लाखों की सोने की चेन तोड़ने वाले आरोपी महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जिसके पास से पुलिस ने तोड़ी गयी दोनों सोने की चेन बरामद कर ली। पुलिस के मुताबिक महिला सोने की चेन को बेचने के लिए जा रही थी, इसी दौरान उसको दबोच दिया। सोने की चेन की बाजार में कीमत 4 लाख बताई जा रही है। पुलिस ने महिला के पास से चोरी की वारदात में इस्तेमाल मंहगी कार भी बरामद की है। चेन तोड़ने की घटना करीब ढाई माह पुरानी बताई जा रही है। आरोपी महिला के खिलाफ पुलिस ने सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। जिसको मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
जगजीतपुर चौकी प्रभारी देवेंद्र सिंह तोमर नाथी राम चौधरी और संजय चौधरी निवासीगण जमालपुर कला कनखल हरिद्वार ने सयुंक्त रूप से 13 अप्रैल 23 को तहरीर देते हुए शिकायत की थी। शिकायत में कहा गया था कि श्रीराम लीला भवन जमालपुर कला कनखल में श्रीभागवत कथा का आयोजन किया गया था। जिसमें उनकी पत्नियां शशी बाला पत्नी नाथी राम चौधरी और संगीता रानी पत्नी संजय चौधरी भी कथा श्रवण करने गयी थी। कथा विराम के पश्चात प्रसाद वितरण के दौरान महिलाओं की भीड़ का फायदा उठाकर उनकी पत्नियों के गले से सोने की चेन अज्ञात द्वारा तोड़ ली। जिसकी जानकारी लगते ही उनकी पत्नियों ने कथा आयोजकों को मामले से अवगत कराया था। लेकिन उस वक्त कुछ पता नहीं चल सका था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा जांच शुरू कर दी।
उन्होंने बताया कि इसी दौरान हाल ही में पीडित परिवार ने कथा आयोजकों द्वारा कथा कार्यक्रम की वीडियों ग्राफी को पैनड्राई में लेकर उसको चेक किया गया। जिसमें एक महिला संदिग्ध देखी गयी, जोकि उनकी पत्नियों के पीछे खड़ी होकर चेन उड़ाते नजर आयी। पीडित परिवार की ओर से कथा वीडियों ग्राफी उनको उपलब्ध कराई गयी, जिसमें संदिग्ध महिला चेन पर हाथ साफ करते नजर आयी। पुलिस ने संदिग्ध महिला की फोटो निकाल कर तलाश शुरू की गयी। पुलिस संदिग्ध महिला तक पहुंचने के लिए मुखबिर की भी मदद ली गयी। पुलिस संदिग्ध महिला की तलाश में जुटी थी कि इसी दौरान सूचना पर पुलिस ने संदिग्ध महिला को आदि योगी कॉलोनी निकट क्रिस्टल वर्ल्ड बहादराबाद से मंहगी कार से दबोच लिया। जिसके पास से पुलिस ने महिलाओं के गले से तोड़ी गयी सोने की चेन बरामद कर ली।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी महिला ने अपना नाम छाया देवी पत्नी किशन निवासी गांधी विहार निकट न्यू चंडी मन्दिर थाना देहात हापूड यूपी हाल आदि योगी कॉलोनी निकट क्रिस्टल वर्ल्ड बहादराबाद बताया है। आरोपी महिला ने सोने की चेन को सुनार को बेचने के लिए जा रही थी कि पकड़ी गयी की जानकारी देते हुए खुलासा किया कि उसने सोने की चेन अपने दो बेटों की स्कूल फीस भरने के लिए चोरी की थी। जिनकी माली हालत बेहद खराब हैं उसके पति की हापूड में इलैक्ट्रॉनिक की दुकान है। जिसमें ज्यादा काम नहीं आता और उसके पति सप्ताह में शनिवार को उनके पास आ जाते हैं और सोमवार को वापस हापूड लौट जाते है। उसके तीन बेटे हैं, जोकि दो बेटे कक्षा 8 और 12 में पढते हैं। उसका परिवार अपने बडे बेटे के लडाई झगड़े से परेशान होकर हापूड छोड़ कर एक साल पूर्व हरिद्वार आ गये थे। जोकि आदि योगी कॉलोनी में 15-20 हजार रूपये प्रति माह किराये पर फ्लैट लेकर रह रहे है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। जिसको मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
