जीआरपी पुलिस ने बेटे व पत्नी के चेहरे पर लौटाई खुशियां
लापता के मिलने की उम्मीद छोड़ चुके परिवार ने जताया आभार
नौकरी छुट जाने के बाद परेशान राजपाल ने छोड़ा था घर
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। जीआरपी हरिद्वार पुलिस ने 17 साल पूर्व नौकरी छुट जाने के बाद घर से लापता हुए व्यक्ति को रेलवे स्टेशन से खोज निकाला। जिससे जानकारी लेने के बाद जीआरपी पुलिस ने उसके परिजनों को सूचित कर दिया। सूचना पर व्यक्ति की पत्नी व बेटा ग्रामीणों के साथ हरिद्वार पहुंचे। जीआरपी पुलिस ने लापता को ग्रामीणों की मौजूदगी में बेटे व पत्नी के सुपूर्द कर दिया। लापता के मिलने की उम्मीद खो चुके पत्नी व बेटे ने जीआरपी का पुलिस का आभार जताया है।
जीआरपी हरिद्वार एसओ अनुज सिंह ने बताया कि सूचना मिली कि एक संदिग्ध रेलवे स्टेशन के गेट नम्बर 02 पर खड़ा है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध से पूछताछ करते हुए उसकी आईडी चेक की। पूछताछ के दौरान व्यक्ति ने अपना नाम राजपाल पुत्र अमर सिंह उम्र 55 वर्ष निवासी न्यू विकास नगर, लोनी देहात गाजियाबाद मूल निवासी गांव ढहार, थाना सरुरपुर, मेरठ यूपी बताते हुए खुलासा किया कि वर्ष 2006 में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया दिल्ली में नौकरी छूट जाने के कारण वह परेशान हो गया और घर छोड़ दिया।
बताया कि जबकि उसका पूरा भरापूरा परिवार हैं और पत्नी व बच्चे भी है। उसको घर छोड़े 17 साल बीत चुके है। इन सालों में उसका परिवार से कोई सम्पर्क नहीं रहा है। परिजनों को भी उसके सम्बंध में कोई जानकारी नहीं है। वह पिछले 17 सालों से धुम्मक्कड़ की तरह अपना जीवन व्यतीत कर रहा है। काम धन्धे व जीवन के अन्तिम दिनों को धार्मिक नगरी हरिद्वार में बिताने के इरादे से हरिद्वार आया हैं। इस दौरान आप मिल गये, वह काफी परेशान हैं अगर हो सके तो उसकी मदद कर दो।
एसओ ने बताया कि पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी राजपाल के परिजनों से सम्पर्क साध कर अवगत कराया गया। सूचना पर राजपाल की पत्नी व बेटा कुछ ग्रामीणों के साथ हरिद्वार जीआरपी थाने पहुंचे। पिछले 17 सालों से लापता राजपाल को सकुशल पाकर मां-बेटे भावुक हो गये। जिनको देखकर राजपाल भी भावुक हो गया। मां-बेटे समेत ग्रामीणों ने राजपाल की सकुशल मिल जाने की जानकारी देते हुए परिवार से मिलाने के लिए जीआरपी हरिद्वार पुलिस को आभार जताया है। जीआरपी पुलिस राजपाल को ग्रामीणों की मौजूदगी में बेटे और पत्नी के सुपूर्द कर दिया।
