आरोपियों से चोरी किया गया माल व हजारों की नगदी बरामद
एक आरोपी ने चोरी के माल से खड़ा किया दो मंजिला मकान
गैंगस्टर के तहत कार्यवाही कर सम्पत्ति कुर्क करने की तैयारी
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। शिवालिक नगर में हुई पुलिस ने चोरी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्रतार किया है। जिनके पास से पुलिस ने लाखों के सोने-चांदी के जेवरात व हजारों की नगदी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक एक आरोपी पूर्व में चोरी मामले में जेल जा चुका हैं। जिसने चोरी के माल से खड़ा किया हैं दो मंजिला आलीशान मकान। पुलिस अब आरोपी की सम्पति को गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क करने की तैयारी में जुट गयी है।
कोतवाली रानीपुर प्रभारी निरीक्षक रमेश तनवार ने बताया कि प्रदीप कुमार गुप्ता पुत्र स्व. मूलचंद गुप्ता निवासी शिवालिकनगर रानीपुर हरिद्वार ने 28 अगस्त को तहरीर देकर शिकायत की थी। शिकायत में कहा गया था कि 21 अगस्त को उसके बंद मकान का ताला तोड़ कर अज्ञात अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात व हजारों नगदी उड़ा ले गये है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालते हुए चोरों की शिनाख्त के प्रयास करते हुए तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने चोरों को दबोचने के लिए मुखबिरों को भी अलर्ट किया गया था। पुलिस चोरों की तलाश में जुटी थी कि इसी दौरान पुलिस ने गुरूवार की रात को सूचना पर दो संदिग्धों को दबोच लिया। जिनसे पूछताछ के दौरान पुलिस ने शिवालिकनगर में हुई चोरी का खुलासा करते हुए चोरी किया गया सोने-चांदी के जेवरात व हजारों की नगदी बरामद की है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम अमित पुत्र धर्मपाल निवासी सुभानपुर खकेड़ा बागपत यूपी और शुभनीत पुत्र भगवत शरण निवासी ग्राम मथाना असमोली सम्भल यूपी हाल निवासीगण गली नम्बर 6 सुमन नगर रानीपुर हरिद्वार बताया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपी अमीत शातिर चोर हैं जोकि पूर्व में भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है। जिसने अवैध कमाई से अपना दो मंजिला आलीशान मकान खड़ा कर रखा है। पुलिस अब अमीत की सम्पति को गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क करने की कार्यवाही करेगी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
