पीडित परिवार ने ग्राम प्रधान के जरिये किया था दलाल से सम्पर्क
चिकित्सक के नाम पर दलाल ने पीडित परिवार से वसूले थे पैसे
बताया जा रहा हैं कि दलाल कोविड काल में कर चुका मेला अस्पताल में काम
पीडित को नहीं मिली सप्लीमेंटरी मेडिकल रिपोर्ट, सीएमओ से की शिकायत
सीएमओ के निर्देश पर जिला अस्पताल कर रहा गम्भीरता से मामले पर कार्रवाई
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। जिला अस्पताल मरीज के परिजनों से सप्लीमेंटरी मेडिकल रिपोर्ट के नाम पर करीब 20 हजार लिए जाने को लेकर सुर्खियों में है। सप्लीमेंटरी मेडिकल रिपोर्ट ना मिलने पर मरीज के परिजनों ने सीएमओ हरिद्वार समेत जिला अस्पताल के पीएमएस से शिकायत की है। शिकायत में दलाल समेत उससे सम्पर्क रखने वाले चिकित्सक व स्टॉफ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसके पैसे दिलाने की मांग की है। जिला अस्पताल चिकित्साधिकारी द्वारा सीएमओ के निर्देश पर मरीज के परिजनों की लिखित शिकायत पर कार्रवाही की जा रही है।
आरोप हैं कि पीडित परिजनों ने गांव के प्रधान के माध्यम से एक दलाल से सम्पर्क कर करीब 20 हजार दिये गये थे। बताया जा रहा हैं कि जिस दलाल ने चिकित्सक के नाम पर सप्लीमेंटरी मेडिकल रिपोर्ट के लिए पीडित परिजनों से पैसे लिए वह कोविड काल में मेला अस्पताल में अपनी सेवाएं दे चुका है।चिकित्साधिकारी ने शिकायत की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले के सम्बंध में पुलिस को कार्रवाई के लिए लिखा जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विजय पाल पुत्र हरपाल निवासी ग्राम चंदपुरी खानपुर हरिद्वार ने जिला अस्पताल पीएमएस को एक पत्र देकर शिकायत की है। शिकायत में कहा गया हैं कि 16 मई 23 को वह अपने मरीज को लेकर उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचे। जहां पर उनके मरीज के सिर में गहरी चोट लगी थी। मरीज की हालत गम्भीर देखते हुए उसको हॉयर सेंटर रेफर कर दिया गया था। लेकिन सप्लीमेंटरी मेडिकल रिपोर्ट के लिए आनाकानी की जाने लगी। जिसपर उन्होंने ग्राम प्रधान से सम्पर्क किया गया, तो उन्होंने श्रवण कुमार नाम के व्यक्ति से उनका सम्पर्क कराया गया।
आरोप हैं कि श्रवण कुमार ने सप्लीमेंटरी मेडिकल रिपोर्ट बनवाने के लिए चिकित्सक के नाम पर उनसे 19 हजार 500 रूपये लिए। मरीज की स्थिति गम्भीर होने के बाद उनके मरीज को हॉयर सेंटर रेफर कर दिया गया। जहां पर उपचार के बाद अब उनको सप्लीमेंटरी मेडिकल रिपोर्ट की जरूरत पड़ने पर दलाल श्रवण कुमार से सम्पर्क साधा गया तो वह भी पीडित परिवार को सप्लीमेंटरी मेडिकल रिपोर्ट दिलाने में कोई रूचि नही दिखा रहा हैं और ना सप्लीमेंटरी मेडिकल रिपोर्ट के नाम पर लिए गये पैसे वापस कर रहा है। पीडित परिवार ने पीएमएस से श्रवण कुमार समेत उससे सम्पर्क रखने वाले चिकित्सक व स्टॉफ के खिलाफ कार्रवाही करते हुए उसके पैसे वापस दिलाने की मांग की है।
बताया जा रहा हैं कि पीडित परिवार जिला अस्पताल पहुंचने से पूर्व अपनी शिकायत को लेकर सीएमओ हरिद्वार डॉ. मनीष दत्त के पास पहुंचा था। पीडित परिवार ने सीएमओ हरिद्वार को पूरी घटनाक्रम से अवगत कराते हुए दलाल श्रवण कुमार समेत चिकित्सक व स्टॉफ के खिलाफ कार्रवाही की मांग की गई थी। पीडित परिवार की शिकायत को गम्भीरता से लेते हुए सीएमओ हरिद्वार ने फोन पर जिला अस्पताल के चिकित्साधिकारी से सम्पर्क कर मामले की जानकारी ली थी। लेकिन मामला उनके संज्ञान में ना होने पर उन्होंने शिकायत से अनभिज्ञता प्रकट की। जिसपर सीएमओ ने चिकित्साधिकारी को पीडित परिवार की शिकायत पर कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया। जिसके बाद पीडित परिवार ने जिला अस्पताल पहुंचकर लिखित में शिकायत की है।
जिला अस्पताल चिकित्साधिकारी डॉ. चंदन मिश्रा ने बताया कि एक परिवार ने सप्लीमेंटरी मेडिकल रिपोर्ट के नाम पर 19 हजार 500 रूपये लेने की शिकायत की है। मामला सीएमओ हरिद्वार डॉ. मनीष दत्त के संज्ञान में भी है, जिनके निर्देश पर मामले पर कार्रवाई की जा रही है। जिला अस्पताल की ओर से कोतवाली नगर पुलिस से शिकायत करते हुए कार्रवाई को लिखा जा रहा है।
