जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन का हरिद्वार में हुआ 23 वां राष्ट्रीय अधिवेशन
केन्द्र व राज्य सरकारों ने एसोसिएशन के मांग पत्र को गम्भीरता से नहीं लिया
जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ने अधिवेशन के जरिये दिया सरकारों को अल्टीमेटम
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन का 23 वां राष्ट्रीय अधिवेशन आर्य वनप्रस्थ आश्रम ज्वालापुर हरिद्वार सम्पन्न हुआ। अधिवेशन में राष्ट्रीय कार्यकारिणी एवं उत्तर प्रदेश कार्यकारिणी को राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश चंद कुशवाहा द्वारा शपथ दिलाने के बाद 101 पत्रकारों को गणेश शंकर विद्यार्थी और 101 पत्रकारों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय अवार्ड से सम्मानित किया गया।
इस दौरान एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश कुशवाहा ने कई राज्यों के पत्रकारों की आवाज को गंभीरता से उठाते हुए कहा कि केंद्र सरकार को एसोसिएशन द्वारा 2018 में एवं 2021 में मांग पत्र दिया गया था। जिसमें पत्रकारों के लिए भारत के राज्यों में राज्य प्रेस आयोग एवं कानून व्यवस्था के अतिरिक्त पेंशन, बीमा, आवास, चिकित्सा, सुरक्षा रेलवे सुविधा, परिवहन सुविधा के अतिरिक्त अन्य मांग की गई थी। लेकिन केंद्र सरकार व अन्य राज्यों की सरकारों ने मांग पत्र को गंभीरता से इसलिए नहीं लिया, क्योंकि केंद्र एवं राज्य सरकारों के पास कोई भी ऐसी योजना नहीं है। जिससे देश के चौथे स्तंभ के लिए कार्य योजना गठित कर सकें।
कहा कि जबकि देश में केवल स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बाद दूसरा नंबर मीडिया का आता है। लेकिन मीडिया हित में सरकारों के पास कोई कार्य योजना ना होने के कारण देश के पत्रकारों की उपेक्षा की जा रही है। जिसको लेकर अधिवेशन में खुलकर पत्रकारों ने एकजुट होकर केंद्र व राज्यों के विरुद्ध अपने हितों की रक्षा के लिए बिगुल बजा दिया है। देश की सरकारों को गंभीरता से पत्रकारों के हितों के प्रति विचार करना होगा। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की बात कहने वाले खाकी और खादी द्वारा किये जा रहे पत्रकारों के उत्पीड़न के प्रति आज पत्रकार जाग चुका हैं। अब पत्रकार विरोधी सरकारों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अधिवेशन की अध्यक्षता मधुसूदन अग्रवाल राष्ट्रीय सचिव एवं प्रभारी उत्तराखंड तथा संचालन सत्येंद्र कुमार शर्मा राष्ट्रीय सचिव द्वारा किया गया। अघिवेशन में उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश के भारी सख्या में पत्रकारों ने हिस्सा लिया। आयोजक मंडल द्वारा उत्तराखण्ड प्रदेश अध्यक्ष वेद प्रकाश चौहान को सम्मानित किया गया।
