आरोपः 112 कंट्रॉल रूम पर कॉल करने पर नहीं उठा फोन
पुलिस से सम्पर्क साधने के प्रयास पर भी नहीं मिला कोई रिस्पोंस
एसएसपी कार्यालय कॉल करने पर पुलिस हरकत में आई
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। टप्पेबाज महिलाओं ने ई-रिक्शा में एक महिला को अपने झांसे में लेकर सोने का मंगलसूत्र लेकर चम्पत हो गई। आरोप हैं कि जब घटना का अहसास हुआ, तो पीडिता ने 112 कंट्रॉल रूम पर कॉल करने का प्रयास किया, लेकिन फोन नहीं उठा। जिसपर महिला ने अपने पति को कॉल कर अपने साथ हुई ठगी की जानकारी दी। पति ने मौके पर पहुंचकर पुलिस से सम्पर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई मदद नहीं मिली। थकहार कर पीडिता के पति ने एसएसपी कार्यालय फोन कर घटना की जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस हरकत में आयी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों को खंगालते हुए टप्पेबाज महिलाओं की शिनाख्त के प्रयास करते हुए तलाश शुरू कर दी है। पीडिता के पति की ओर कोतवाली ज्वालापुर में अज्ञात महिलाओं के खिलाफ तहरीर देकर शिकायत की है। पीडिता का पति जिला अस्पताल में सविदा पर कम्प्यूटर ऑपरेटर पद पर कार्यरत है।
पीडिता के पति राहुल कुमार यादव पुत्र वैजनाथ यादव निवासी गणेश विहार सीतापुर फाटक ज्वालापुर हरिद्वार ने बताया कि उसकी पत्नी सुनीता यादव हरिद्वार रेलवे स्टेशन के बाहर से ज्वालापुर जाने के लिए ई-रिक्शा मेें सवार हो गई। जब ई-रिक्शा चन्द्राचार्य चौक पर पहुंचा, तभी चार महिलाए ई-रिक्शा में सवार हो गई। लेकिन दो महिलाए प्रेमनगर आश्रम के पास उतर गयी। जबकि दो महिलाए ई-रिक्शा में बैठी रहीं। इसी दौरान दोनों महिलाओं ने उसकी पत्नी को बोला की तुम्हारा बच्चा उल्टी कर रहा है, जैसे ही पत्नी ने बच्चे की ओर ध्यान दिया। तभी दूसरी महिला बोली की आप का मंगलसूत्र खुलकर गिर रहा है। जिसपर उसकी पत्नी ने मंगलसूत्र गले से उतार कर बैग में डाल लिया। दोनों महिलाओें ने उसकी पत्नी को बातों में लगा लिया।
बताया कि इसी दौरान दोनों महिलाए तहसील के पास उतर कर चली गई। इसी दौरान उसकी पत्नी ने बैग में रखे मंगलसूत्र को टटोला तो वह गायब मिला। पत्नी का कहना हैं कि दोनों महिलाए उसके बैग से मंगलसूत्र ले उड़ी। आरोप हैं कि उसकी पत्नी ने 112 को कॉल लगाया, लेकिन फोन नहीं उठा। जिसपर उसकी पत्नी ने उसको कॉल कर घटना की जानकारी दी। जब वह मौके पर पहुंचा और उसने भी पुलिस से सम्पर्क करने का प्रयास किया। लेकिन कोई रिस्पोंस नहीं मिला, जिसपर उसने एसएसपी कार्यालय से सम्पर्क कर घटना की जानकारी दी।
जिसके बाद पुलिस हरकत में आयी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया। जिसमें चार महिलाए ई-रिक्शा में सवार होते और उतरते नजर आ रही है। पुलिस सीसीटीवी फूटेज के आधार पर महिलाओं की शिनाख्त के प्रयास करते हुए तलाश में जुटी है। पीडिता के पति राहुल कुमार यादव ने मंगलसूत्र की कीमत करीब 35-40 हजार बताई है। पीडिता के पति राहुल कुमार यादव ने कोतवाली ज्वालापुर में अज्ञात महिलाओं के खिलाफ तहरीर देकर शिकायत की है।
कोतवाली ज्वालापुर एसएसआई संतोष सेमवाल ने बताया कि एक महिला के साथ टप्पेबाजी की वारदात की गई है। पीडिता के पति की ओर से तहरीर दी गई है। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर टप्पेबाज महिलाओं की शिनाख्त करते हुए तलाश की जा रही है।
