परिवार ने लगाया आश्रम के चालक पर हत्या का आरोप
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर हत्यारे की तलाश में जुटी
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। चमगादड़ टापू पर सुबह एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया, सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव बरामद करते हुए मौके से लावारिस छोटा हाथी वाहन भी बरामद किया हैं। जिसका इस्तेमाल शव को ठिकाने लगाने में किया गया था। मृतक की पहचान रामलीला मैदान निवासी के रूप में हुई हैं। परिजनों ने आश्रम के चालक पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर हत्यारे की तलाश शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह रोडी बेलवाला चौकी पुलिस को सूचना मिली कि चमगादड़ टापू पर एक युवक का शव पड़ा हैं। इस सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव कब्जे में लेकर उसकी पहचान के प्रयास किए, लेकिन सफलता नही मिली। बताया जा रहा हैं कि जब पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि लावारिस हालत में खड़े छोटे हाथी वाहन पर रात को युवक का शव लाकर यहां फेंकने की जानकारी मिली। लेकिन वाहन वहां पर फंस गया था, जिसको निकालने के लिए चालक ने आसपास के लोगों से मदद लेने का प्रयास किया। मगर जब लोगों को चालक को युवक को वहां फेंकने के सम्बंध् में पूछा तो वह घबरा कर वहां से वाहन छोड़ कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को भी कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। बताया जा रहा हैं कि वाहन भोपतवाला क्षेत्र स्थित एक आश्रम का हैं। वहीं मृतक के परिवार युवक की तलाश में अस्पताल पहुंचे, जहां मोर्चरी में युवक के शव की शिनाख्त दीपू पुत्र स्व. मोहन लाल उम्र 38 वर्ष निवासी राम लीला मैदान हरिद्वार के रूप में की हैं। बताया जा रहा हैं कि मृतक के चेहरे व शरीर पर चोट के निशान है। मृतक के भाई गुडडू की ओर से नगर कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया हैं कि बीती रात 9 बजे उसका भाई दीपू भोपतवाला स्थित सद्भावना परिवार सेवाश्रम गौशाला गया था। जहां उसकी मुलाकात वहाँ के चालक अरुण शर्मा से हुई और उसके साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जिसपर अरुण शर्मा ने उसके भाई की हत्या कर शव चमगादड़ टापू पर फेंक कर फरार हो गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने आश्रम से सम्पर्क कर चालक के सम्बंध् में जानकारी जुटाने का प्रयास किया। मगर कोई सफलता नहीं मिली है। बताया जा रहा हैं कि हत्यारोपी चालक का मोबाइल भी बंद आ रहा है। नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नवीन चन्द्र सेमवाल के अनुसार चमगादड़ टापू पर एक युवक का शव मिला हैं, जिसकी पहचान हो चुकी हैं। मृतक के भाई ने एक आश्रम के चालक पर हत्या का आरोप लगाया हैं। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर हत्यारोपी की तलाश शुरू कर दी गयी है।
