
एनयूजे आई की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक का आयोजन
अशोक वर्मा/ हरीश संतवानी
हरिद्वार। भारत सेवाश्रम संघ हरिद्वार में नेशनल यूनियन आॅफ जर्नलिस्ट इंडिया के तत्वाधान में आयोजित पत्रकारों की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक का शुभारंभ उत्तराखंड विधनसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल ने देश भर से आए पत्रकारों एवं सम्मानित जनों का उत्तराखंड देव भूमि में स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि लोकतंत्र में मीडिया एक प्रहरी के रूप में कार्य करता है तथा स्वतंत्रा एवं सकारात्मक पत्रकारिता सदैव स्वस्थ समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभाती है। उन्होने कहा कि प्रेस की स्वतंत्रता लोकतंत्र की जान है। मीडिया के माध्यम से हमें विश्व में क्या घट रहा है उसका पता चलता है। पत्रकारिता समाज में ऊर्जा भरने का एक आक्रामक साधन है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि पत्रकारिता एक पेशा नहीं है बल्कि यह तो जनता की सेवा का माध्यम है। पत्रकारों को केवल घटनाओं का विवरण ही पेश नहीं करना चाहिए, आम जनता के सामने उसका विश्लेषण भी करना चाहिए। श्री अग्रवाल ने कहा कि पत्रकारों पर लोकतांत्रिक परम्पराओं की रक्षा करने और शांति एवं भाईचारा बनाए रखने की भी जिम्मेदारी आती है। इस अवसर पर महामंडलेश्वर कैलाशानंद ब्रह्मचारी महाराज, नगर निगम हरिद्वार की महापौर अनीता शर्मा, प्रज्ञान, आनंद चौधरी राष्ट्रीय अध्यक्ष के न्यूज, राष्ट्रीय महामंत्री शिवकुमार, उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष ब्रह्मदत्त शर्मा, रामचंद्र कनौजिया, देवेंद्र शर्मा, धर्मेन्द्र चौधरी, विकास तिवारी, प्रदीप चौधरी, राजेश शर्मा, राहुल वर्मा, रास बिहारी, प्रदीप त्यागी आदि लोग उपस्थित थे।
