चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी
रेल उच्चाधिकारियों ने दिये जांच के आदेश
मुकेश वर्मा/ अजय नेगी
हरिद्वार। राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क से सटी रेलवे ट्रेक पर काठ गोदाम एक्सप्रेस के चालक की लापरवाही के चलते एक मादा हाथी की मौत हो गयी। घटना की जानकारी लगते ही पार्क अधिकारियों में हड़कम्प मच गया। सूचना पर पार्क अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया। बताया जा रहा हैं कि पार्क अधिकारियों ने मामले की जानकारी रेलवे विभाग के उच्च अधिकारियों को देते हुए चालक की शिकायत की है। जिसपर रेलवे के उच्च अधिकारियों ने कार्यवाही का भरोसा दिलाते हुए, जांच के आदेश दिये है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती देर रात राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क के खड़खड़ी बीट में करीब डेढ दर्जन हाथियों का झुण्ड जंगल से निकल कर रेलवे ट्रेक पार कर रहा था। बताया जा रहा हैं कि ड्यूटी पर तैनात पार्क के कर्मी वहां से गश्त के लिए गुजर रहे थे। जिन्होंने ट्रेक पार करते हाथियों के झुण्ड को देखा और वहीं रूक गये। इसी दौरान देहरादून की ओर से काठ गोदाम एक्सप्रेस ट्रेन आ गयी। बताया जा रहा हैं कि पार्क कर्मियों ने हाथियों के झुण्ड को ट्रेक से भागने का प्रयास किया और ट्रेन चालक को गाड़ी को रोकने का सकेंत भी दिया। लेकिन ट्रेन की गति तेज होने के कारण ट्रेन के रूकते-रूकते एक हथिनी ट्रेन की चपेट में आने से घायल हो गयी। जिसकी जानकारी पार्क कर्मियों ने अधिकारियों को दी। इस घटना से पार्क अधिकारियों में हड़कम्प मच गया। सूचना पर पार्क अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल हथिनी का उपचार शुरू कराया गया। बताया जा रहा हैं कि तड़के घायल हथिनी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पार्क अधिकारियों ने मामले की जानकारी रेलवे के उच्च अधिकारियों को देते हुए घटना को चालक की लापरवाही बताते हुए कार्यवाही की बात कही हैं। बताया जा रहा हैं कि रेलवे के उच्च अधिकारियों ने कार्यवाही का भरोसा दिलाते हुए घटना की जांच के आदेश दिये है।
