मुकेश वर्मा/ अजय नेगी
हरिद्वार। इलाज के नाम पर एक लाख की ठगी करने वाले तथाकथित तांत्रिक को ज्वालापुर पुलिस ने गिरफ्रतार किया है। जिसके खिलाफ पुलिस ने सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा हैं कि पूर्व में भी तांत्रिक ठगी के मामले में जेल जा चुका है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हरिशंकर पुत्र वीर सिंह निवासी आशिकपुर गाजियाबाद यूपी ने तथाकथित तांत्रिक राशिद सूफी मौलवी निवासी पथरी पावर हाउस बहादराबाद के खिलाफ ज्वालापुर कोतवाली में तहरीर देते हुए शिकायत दर्ज करायी थी कि तांत्रिक द्वारा उसको बातों में फंसा कर उसकी माता जी का इलाज झाड़ फूंक कर ठीक करने का दावा किया गया था। जिसके एवज ने तांत्रिक ने उससे एक लाख रूपये हड़प लिये। लेकिन उसकी माता जी ठीक नहीं हुई। जिसपर उसने अपने पैसे तांत्रिक से वापस मांगे, लेकिन पैसे वापस न करते हुए जान से मारने की धमकी दी गयी। पुलिस ने पीडित की तहरीर के आधार पर आरोपी तथाकथित तांत्रिक के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्रतार कर लिया।
