


ज्वाइंट सक्रेटरी पर्यटन एवं संस्कृति मंत्रालय ने किया हरकी पौडी का निरीक्षण
अशोक वर्मा/ हरीश संतवानी
हरिद्वार। जिलाधिकारी दीपक रावत तथा ज्वाइंट सक्रेटरी पर्यटन एवं संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार पी0एल0 शाहू ने आज हरिद्वार हरकी पैड़ी पहुंच कर, यहां होने वाली विश्व विख्यात गंगा आरती को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए ध्वनी एवं दृश्य प्रसारण की गुणवत्ता को बढ़ाये जाने के लिए तकनीकी पहलुओं का निरीक्षण किया। ज्वाइंट सेके्रटरी श्री शाहू ने मंत्रालय के प्रस्ताव पर डीएम तथा गंगा सभा के सुझाव भी लिये। जिस पर संध्या के समय होने वाली गंगा आरती को हरकी पैड़ी के अलावा शहर के अन्य स्थानों पर स्क्रीन के माध्यम से सजीव प्रसारण उच्च गुणवत्ता युक्त ध्वनी के साथ प्रदर्शित किया जाना है। ये स्क्रीन लगाने के लिए दो अति व्यवस्तम स्थानों का चयन जिला प्रशासन द्वारा किया जायेगा। भारत सरकार के सौजन्य से हरकी पैड़ी पर साउंड सिस्टम भी लगाये जायेंगे जिसमें भक्ति संगीत के साथ-साथ जनकल्याणकारी शासकीय योजनाओं व सूचनाओं को प्रसारित किया जायेगा। सभी अधिकारियों ने हरकी पैड़ी पर मां गंगा की पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर निदेशक संस्कृति विभाग उत्तरखण्ड सरकार श्रीमती बीना भट्ट, एसडीएम मनीष सिंह, जिला पर्यटन अधिकारी श्रीमती सीमा नौटियाल सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
