दोस्तों में करतब दिखाते तमंचे से निकल गयी गोली
घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी, घायल बंगाली अस्पताल में भर्ती
सूचना पर सीओ सिटी समेत पुलिस मौके पर पहुंची
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र के कुमारगढ़ा में खड़े आटो में दोस्तों के बीच तमंचा दिखाकर करतब दिखाने के दौरान अचानक गोली चल गयी। घटना में गोली लगने से एक युवक घायल हो गया। गोली चलने की आवाज से क्षेत्र मे अफरा-तफरी मच गयी। घायल युवक को उपचार के लिए बंगाली अस्पताल ले जाया गया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी आलाधिकारियो को दी। सूचना पर सीओ सिटी ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घायल के दो दोस्तोें का हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं घटना की सही जानकारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है।
सीओ सिटी मनोज कुमार ठाकुर ने बताया कि गुरूवार की शाम को चार पांच दोस्त कनखल के कुम्हारगढ़ा क्षेत्र में खड़े आटो में सवार होकर बाते कर रहे थे। बताया जा रहा हैं कि एक युवक के हाथ में तमंचा था, जिसको वह अपने दोस्तों को दिखा रहा था कि तभी अचानक गोली चल गयी। गोली लगने से संजू लोधी उम्र 19 साल निवासी कुम्हारगढ़ा कनखल घायल हो गया। जिसको उपचार के लिए कनखल स्थित बंगाली अस्पताल लाया गया है। जहां पर घायल का ऑपरेशन किया गया हैं।
पुलिस ने पूछताछ के लिए घायल युवक के दो दोस्तों को हिरासत में लिया गया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। घटना की सही वजह का पता लगाने के लिए पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। प्रथम दृष्ट्या जो जानकारी पुलिस को मिली हैं कि तमंचे से अचानक गोली चली है। पुलिस हिरासत में लिए गये युवकों से घटना की सही वजह और तमंचे के सम्बंध में जानकारी जुटा रही है।
