12 बोर का एक तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद
पुस्तैनी जमीन के विवाद को लेकर की गयी फायरिंग
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। ज्वालापुर पुलिस ने पुस्तैनी जमीन के विवाद को लेकर फायरिंग करने वाले चचेरे भाई समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक 12 बोर का एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस व एक खोखा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। जिनको मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
कोतवाली ज्वालापुर एसएसआई संतोष सेमवाल ने बताया कि विनीत शर्मा पुत्र संजय शर्मा निवासी डाठ मंडी ज्वालापुर ने शुक्रवार को तहरीर देकर शिकायत की थी। शिकायत में कहा था कि उनका चचेरे भाई तरुण खेवडिया पुत्र स्व. उमाकांत खेवडिया निवासी मोहल्ला डॉट ज्वालापुर के साथ पुस्तैनी जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है। चचेरा भाई तरूण खेवडियां 05 अप्रैल को वह उसके घर पर पहुंचा और पुस्तैनी जमीन को उसके नाम करने के लिए बोला। जिसपर उसके द्वारा इंकार कर दिया। आरोप हैं कि तरूण ने उसके साथ गाली गलोच करते हुए जान से मारने की धमकी देकर चला गया।
आरोप हैं कि अगले दिन तड़के उसके घर के बाहर फायरिंग की गयी। फायरिंग की आवाज सुनकर जब वह बाहर आया, तो देखा कि तरूण व उसका साथी वहां से भाग खड़े हुए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालते हुए आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। जिसके बाद पुलिस आरोपी तरूण खेवडियां व उसके साथी की तलाश में जुट गयी।
इसी दौरान पुलिस ने सूचना पर आरोपी तरूण खेवडियां व उसके साथी राहुल पुत्र सतीश उर्फ लाली निवासी बाल्मीकि बस्ती ज्वालापुर को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 12 बोर का एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस व एक खोखा बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को दर्ज मुकदमें समेत आर्म्स एक्ट की धाराओं की बढोत्तरी करते निरूद्ध कर दिया। पुलिस ने आरोपियों को मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
