
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। सैनी आश्रम में आज सैनी समाज की हुई बड़ी बैठक में समाज के हजारों लोगों ने शिरकत करते हुए सैनी आश्रम का संचालन करने वाली संस्था सैनी सभा(रजि0) की नई कार्यकारिणी हेतु सदस्यता प्रारंभ करने तथा निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने की मांग की। जिसका बैठक में उपस्थित समाज के बंधुओं ने हाथ उठाकर समर्थन किया।

आरोप हैं कि इससे पूर्व कुछ समाज के लोगों द्वारा वर्ष 2009 की भांति एक बार फिर से सैनी आश्रम के माह अक्टूबर में जाली दस्तावेज बनाकर समाज से छुपकर 23 अक्टूबर 2024 को नई सैनी आश्रम के नाम पर नई संस्था प्रबंध समिति, सैनी आश्रम, ज्वालापुर पंजीकृत करवा ली। जिसको लेकर बैठक में उपस्थित लोगों ने खुलकर विरोध किया। बताया जा रहा हैं कि नई संस्था में बने पदाधिकारियों के खिलाफ खूब नारेबाजी की, भारी विरोध को देखते हुए एक गुट बैठक को छोड़कर वहां से चलता बना।

बताया जा रहा हैं कि बैठक के बीच में पूर्व अध्यक्ष आदेश सैनी और समाज के लोगों के बीच तीखी नोकझौंक के साथ धक्का मुक्की हुई। जिसको देखते हुए मौके पर मौजूद पुलिस बल ने दोनों पक्षों को अलग करते हुए मामले को शांत किया। बैठक में समाज के लोगों ने उपरोक्त नई संस्था बनाने वालों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास कर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की।

बैठक में बताया कि सैनी आश्रम, सैनी सभा की सम्पत्ति है। जिसका बैनामा 28 फरवरी 2022 को हुआ था, जिसके सभी दस्तावेज उपलब्ध हैं। समाज की बैठक में सर्व सम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी दिनों में सैनी सभा(रजि0) की नई कार्यकारिणी हेतु सदस्यता अभियान शुरू किया जाएगा, उसके बाद निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराए जायेंगे और जालसाजी व फर्जी दस्तावेज तैयार कर नई संस्था बनाने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया जाएगा।