निजी कम्पनी के एटीएम मशीन को बनाया दो नशेड़ियों ने निशाना
सीसीटीवी कैमरों से हुई आरोपियों की शिनाख्त, सिडकुल में मुकदमा
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। नशा करने के लिए पैसे ना होने पर निजी कम्पनी के दो एटीएम मशीन में चोरी करने में नाकाम रहने पर दो नशेड़ियों ने मशीन को क्षतिग्रस्त कर लक पैड ले उड़े। घटना की जानकारी लगने पर मशीनों की देखभाल करने वाले व्यक्ति ने सीसीटीवी के आधार पर दो नशेड़ियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस तहरीर के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गयी है।
सिडकुल थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार उनियाल ने बताया कि धीरज गुप्ता पुत्र कमलेश्वर गुप्ता निवासी ग्राम रोशनाबाद सिड़कुल हरिद्वार ने थाना सिड़कुल में तहरीर देते हुए शिकायत की हैं कि रोशनाबाद में स्थित हिटैची कम्पनी द्वारा अपने एटीएम मशीन की देखभाल के लिए रखा गया है। जब वह 01 अगस्त की सुबह एटीएम मशीन पर पहुंचा तो एटीएम मशीन को क्षतिग्रस्त पाया। जब उसके द्वारा सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया तो 31 जुलाई की रात को एक युवक एटीएम मशीन से पैसे चोरी करने का प्रयास कर रहा है, लेकिन कामयाब न होने पर मशीन को क्षतिग्रस्त कर उसका लक पैड लेकर फरार हो गया। जिसकी पहचान समीर पुत्र फुरकान निवासी रोशनाबाद हरिद्वार के रूप में हुई है। जोकि नशे का आदी हैं और नशे को पूरा करने के लिए उसके द्वारा एटीएम मशीन क्षतिग्रस्त की गयी है।
वहीं रोशनाबाद के किरता मार्किट हेेतमपुर में वकरांगी कम्पनी की एटीएम मशीन हैं जिसकी देखभाल भी वही करता है। जब वह 02 अगस्त की सुबह एटीएम मशीन पर पहुंचा तो देखा कि इस एटीएम मशीन को भी क्षतिग्रस्त किया गया था। एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया तो पैसे निकालने का प्रयास करते और ना निकलने पर मशीन को क्षतिग्रस्त कर उसका भी लक पैड ले जाते देखा गया। जिसकी पहचान रिंकेश पुत्र ऋषि निवासी ग्राम हेतमपुर सिड़कुल हरिद्वार के रूप मंे हुई है। यह आरोपी भी नशेड़ी हैं, पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
