रानीपुर पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने दबोचा
बिना नम्बर प्लेट की पिकअप वाहन से लाई जा रही थी स्मैक
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर और सीआईयू की सयुंक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर बिना नम्बर प्लेट के पिकअप वाहन सवार एक नशा तस्कर को गिरफ्रतार किया है। जिसके पास से टीम ने भारी मात्रा मे स्मैक बरामद की है। अन्तरराष्ट्रीय बाजार में स्मैक की कीमत करीब एक करोड़ बतायी जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल वाहन को सीज कर दिया। इस बात की जानकारी एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार ने कोतवाली रानीपुर परिसर में पत्रकार वार्ता के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि शासन के निर्देश पर प्रदेश में चलाये जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत रानीपुर पुलिस क्षेत्र में लगातार अभियान चलाये हुए है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली की एक बिना नम्बर प्लेट के सफेद रंग का पिकअप वाहन से भारी मात्रा में स्मैक रेगुलेटर पुल मार्ग से रानीपुर क्षेत्र में लायी जा रही है। सूचना को गम्भीरता से लेते हुए रानीपुर पुलिस ने सीआईयू को भी सूचित किया गया। रानीपुर पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने रेगुलेटर पुल पर चैकिंग अभियान शुरू कर दिया। इसी दौरान बिना नम्बर प्लेट का सफेद रंग का पिकअप वाहन आता नजर आया। वाहन चालक पुलिस की चैकिंग को देखकर वाहन को पीछे मोड कर भागने का प्रयास करने लगा। जिसपर टीम ने उसको घेर घोट कर रोक लिया और चालक को दबोच लिया।
टीम ने वाहन चालक के पास से 200 ग्राम स्मैक बरामद किया। जिसकी अन्तरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ बतायी जा रही है। टीम आरोपी व वाहन को लेकर कोतवाली पहुंची। कोतवाली में पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम रिजवान पुत्र इरफान निवासी ग्राम भगवानपुर चन्दरपुर थाना मंगलोर हरिद्वार बताते हुए खुलासा किया कि वह स्मैक को मुरादाबाद से सब्बीर नाम के व्यक्ति से खरीद कर रावली महदूद, सलेमपुर, सिडकुल ले जा रहा था कि पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
