आरोपी ने ट्रक दिल्ली ले जाकर 50 हजार में बेचा
पुलिस अब ट्रक खरीदने वाले शख्स की तलाश में जुटी
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। चार माह पूर्व सिडकुल क्षेत्र से चोरी हुए ट्रक का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफतार किया है। आरोपी ने ट्रक चोरी की वारदात को अंजाम देना कबूल करते हुए ट्रक को दिल्ली ले जाकर बेचना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस अब ट्रक खरीदने वाले की तलाश में जुट गयी है।
सिडकुल थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार उनियाल ने बताया किया 16 अप्रैल 22 में अर्जुन कश्यप निवासी तपोवन नगर ज्वालापुर ने तहरीर देकर शिकायत की थी कि उसका ट्रक को अज्ञात द्वारा डेंसो चौक से चोरी कर लिया गया है। उसके द्वारा ट्रक की काफी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस ने पीडित की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर ट्रक चोर की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान बीती देर शाम को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एक संदिग्ध चालक सतेन्द्र कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी।
जिसकी निशानदेही पर पुलिस ने डेंसो चौक से ट्रक चोरी करने वाले का दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम दिनेश पुत्र ओमप्रकाश निवासी ग्राम काठा कोतवाली बागपत यूपी बताते हुए खुलासा किया कि उसने ही डेंसो चौक से ट्रक को चोरी कर दिल्ली ले जाकर झाउ नाम के सरदार को 50 हजार में बेच दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस अब ट्रक को खरीदने वाले व्यक्ति की तलाश में जुट गयी है। पुलिस का दावा हैं कि जल्द ही चोरी के ट्रक को खरीदने वाले को दबोच लिया जाएगा।
