चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ में आक्रोश खोला महानिदेशालय के खिलाफ मोर्चा
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ चिकित्सा स्वास्थ्य सेवाएं उत्तराखंड देहरादून ने अब महानिदेशालय देहरादून के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है, चार बार समझौता होने के बाद भी कर्मचारियों की पदोन्नति की मांग पूरी नहीं हुई है।
प्रदेश अध्यक्ष दिनेश लखेड़ा, महामंत्री सुनील अधिकारी, प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र तेश्वर, जिला मंत्री राकेश भंवर, उपाध्यक्ष मूल चंद चौधरी ने संयुक्त रूप से कहा कि संगठन द्वारा निर्णय लिया गया है कि उद्यान विभाग की भांति चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को टेक्निकल घोषित कर उद्यान सहायक बना दिया गया है उसी तरह स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों का कार्य भी टेक्निकल है रोगियों की ड्रेसिंग, प्लास्टर में सहयोग, इमरजेंसी में टांके लगाना, ओ टी में र्स्ट्लाइजेशन करना, जनरेटर , ऑक्सी जनरेटर चलाना, लेब, ब्लड बैंक में एच बी, ब्लड ग्रुप करना, रक्त लेना, वार्ड में आई वी फ्लूड बदलना, कैथेटर लगाना, इत्यादि का कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जोकि उनका कार्य नहीं है किंतु इंसानियत और मानवता को आगे रखते हुए कर्मचारी इस कार्य को कर रहे हैं, कोविड महामारी के दौरान रोगियों की सेवा के लिए सर्वप्रथम जाने वाले भी सफाई कर्मचारी, और वार्ड ब्वाय रहे किंतु न तो उनको इसका कोई पारितोषिक मिला न ही आज तक पदोन्नति हुई है। जबकि स्वास्थ्य विभाग के अन्य संवर्ग चाहे कोई भी हो उनको पदोन्नति भी मिली है और पदोन्नति वेतनमान का प्रस्ताव भी भेजा गया है जोकि केंद्र सरकार में आज तक नहीं मिला है किंतु चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ की न्यायोचित मांग पदोन्नति का प्रस्ताव आज तक शासन को नहीं भेजा गया है।
संगठन की मांग है कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों वार्ड ब्वाय वार्ड आया, सफाई कर्मचारी, चौकीदार, अनुसेवक का नाम परिवर्तन करते हुए पदोन्नति का प्रस्ताव शासन को भेजकर वार्ड ब्वाय, वार्ड आया को वार्ड सहायक, वरिष्ठ वार्ड सहायक, प्रभारी वार्ड सहायक बनाया जाए सफाई कर्मचारी को पर्यावरण सहायक, वरिष्ठ पर्यावरण सहायक, प्रभारी पर्यावरण सहायक, चौकीदार को गार्ड, वरिष्ठ गार्ड, मुख्य गार्ड, एवं अनुसेवक को कार्यालय सहायक, वरिष्ठ कार्यालय सहायक, प्रभारी कार्यालय सहायक के पदनाम बदल कर 4200 ग्रेड पे उद्यान विभाग की भांति दिया जाए जिससे कि कर्मचारी सम्मान के साथ सेवानिवृत्त हो जाए।
उन्होंने कहा कि अगर महानिदेशक कार्यालय प्रशासन देहरादून द्वारा इस पदोन्नति एवं पदनाम बदलने पर कोई कार्यवाही नहीं की तो संगठन आंदोलन करेगा और जो कार्य आज उनके नहीं है वो फिर भी कर रहे हैं वो कार्य न कर असहयोग आंदोलन करेगा साथ ही महानिदेशालय देहरादून द्वारा वर्षों से कर्मचारियों की उत्पीड़न, शोषण के विरोध में माननीय उच्च न्यायालय नैनीताल में वाद दायर कर पार्टी महानिदेशालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को बनाएगा। इसका संपूर्ण उत्तरदायित्व महानिदेशालय प्रशासन देहरादून का होगा। जल्द ही इस संबंध में एक पत्र महानिदेशालय को इस बावत दिया जाएगा और इस बीच मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री से मिलकर उनको भी महानिदेशालय देहरादून की कार्यप्रणाली से अवगत कराते हुए किस तरह आपके ओर शासन आदेश को नजर अंदाज कर पूरी सेवाकाल में पदोन्नति के लिए चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी त्रस्त हैं यह भी बताया जाएगा।
प्रदर्शन करने वाले दिनेश लखेड़ा, सुनील अधिकारी, राजेंद्र तेश्वर, राकेश भंवर, मूलचंद चौधरी, नितिन, चन्द्र प्रकाश इत्यादि रहे। उपनल कर्मचारियों ने भी अपना समर्थन चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ चिकित्सा स्वास्थ्य सेवाएं उत्तराखंड को दिया बहुत जल्द ही स्वास्थ्य विभाग के उपनल कर्मचारियों को संगठन में शामिल किया जाएगा।



