

हाईवे पर सामने से आ रही कार को बचाने के प्रयास में उनकी कार पलटी
कार सवार सांसद सहित चार लोग हुए घायल, निजी अस्पताल में हुआ उपचार
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। पौड़ी सांसद तीरथ सिंह रावत की कार रविवार की सुबह हाईवे पर गलत साईड आ रही कार को बचाने के प्रयास के दौरान पलट गयी। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गयी। राहगिरों ने कार से सांसद सहित चार लोग को बाहर निकाला। घटना की जानकारी लगते ही प्रशासन में हड़कम्प मच गया। जिनको उपचार के लिए सिटी हाॅस्पिटल ले जाया गया। घटना की जानकारी लगते ही भाजपाई हाॅस्पिटल की ओर दौड़ पड़े। गनीमत यह रही कि कार सवारों को अधिक चोट नहीं आयी। लेकिन चिकित्सकों ने सांसद को उपचार के लिए हाॅयर सेंटर रेफर कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार पौड़ी सांसद तीरथ सिंह रावत तड़के नंदा देवी एसी स्पेशल एक्सप्रेस से हरिद्वार पहुंचे और वहां से सीधे डामकोठी पहुंचे, जहां कुछ देर रूकने के पश्चात वह कार से अपने क्षेत्र पौड़ी के लिए रवाना हो गये। बताया जा रहा हैं कि जब सांसद तीरथ सिंह रावत की कार हाईवे पर जयराम आश्रम के सामने पहुंची। इसी दौरान नीेच मार्ग से अचानक हाईवे पर आयी कार गलत साइड आ गयी। जिसको बचाने के प्रयास के दौरान सांसद कार चालक अपना संतुलन खो बैठा और कार कई कलाबाजी खाते हुए पलट गयी। घटना को देख रहे राहगिरों में अफरा-तफरी मच गयी। जिस कार को बचाने के प्रयास में सांसद की कार पलटी वह मौके से भाग निकलने में कामयाब रहा। राहगिरों ने कार से सांसद तीरथ सिंह रावत, गनर, पीए और चालक को बाहर निकाला। घटना में कार में सवार सभी को मामूली चोट आयी है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कम्प मच गया। सूचना पर पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को उपचार के लिए सिटी हाॅस्पिटल ले जाया गया। इसी दौरान भाजपाईयों को भी सांसद तीरथ सिंह रावत की कार दुर्घटनाग्रस्त हो जाने की सूचना पर भाजपाईयों सहित ग्रामीण विधायक स्वामी यतीश्वरानंद भी सिटी हाॅस्पिटल पहुंचे। जिन्होंने उनको हालचाल जाना, चिकित्सकों ने सांसद को प्राथमिक उपचार के बाद उनको हाॅयर सेंटर रेफर कर दिया। सांसद तीरथ सिंह रावत हाॅस्पिटल से सीधे डाम कोठी पहुंचे। जहां पर उनका हालचाल पहुंचने वाले भाजपाईयों का तांता लगा रहा। सांसद तीरथ सिंह रावत डाम कोठी में कुछ देर आराम करने के पश्चात देहरादून के लिए रवाना हो गये। बताया जा रहा हैं कि सांसद की कार जिस कार चालक को बचाने के प्रयास में दुर्घटनाग्रस्त हुई। उस कार चालक को पुलिस ने मंगलौर के पास पकड लिया।
