पीडित ने कराया रानीपुर में चार के खिलाफ मुकदमा, जांच शुरू
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर क्षेत्र में छुट्टी पर घर आये आईआरबी जवान व उसके परिवार के साथ पडोसी ने घर में घुसकर गाली गलोच कर मारपीट कर धमकी देने का मामला सामने आया है। पीडित ने कोतवाली रानीपुर में तहरीर देकर आरोपी तीन भाईयों समेत चार के खिलाफ शिकायत की है। सिपाही का कसूर इतना भर था कि उसके किरायेदार से झगड़ रहे पड़ोसी को समझाने का प्रयास किया था। आरोप हैं कि पडोसी ने उसकी वर्दी उतरवाने और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली रानीपुर प्रभारी निरीक्षक रमेश तनवार ने बताया कि देहरादून में आईआरबी द्वितीय में कांस्टेबल पद पर तैनात गौरव कुमार निवासी शिव गंगा विहार कॉलोनी दादूपुर गोविन्दपुर रानीपुर हरिद्वार ने तहरीर देते हुए शिकायत की है। शिकायत में कहा गया हैं कि उसके ड्यूटी पर तैनात रहने के दौरान पडोसी मोहम्मद आसिफ अली आये दिन उसके माता जी व बहन के साथ गाली गलोच करते हुए झगड़ा करता रहता है। वह छुट्टी पर 18 अगस्त को घर आया हुआ था।
20 अगस्त की सुबह शोर सुनकर बाहर आया तो देखा पड़ोसी मोहम्मद आसिफ अली और उसका भाई नादिर व एक अन्य उसके किरायेदार नीरज से गाली गलोच करते हुए झगड़ा कर रहा है। जिसपर उसने समझाने का प्रयास किया। आरोप हैं कि मोहम्मद आरिफ और उसका भाई नादिर किरायेदार को छोड़ कर उसके साथ धक्का मुक्की करने लगे। जिनके तेवर देखकर वह घर के भीतर चला गया।
आरोप हैं कि मोहम्मद आरिफ अली ने फोन कर अपने एक ओर भाई गुड्डू को बुला लिया। जिन्होंने उसके घर में घुसकर उसके व परिवार के साथ गाली गलोच करते हुए मारपीट करते हुए जान से मारने और उसकी वर्दी उतरवाने की धमकी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों मोहम्मद आसिफ अली, नादिर, गुड्डू और एक अज्ञात के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
