♦प्रेमी पर शादी के लिए दबाब बनाना महिला को अपनी जान देकर चुकाना पडा
♦भाई और जीजा के साथ मिलकर प्रेमी ने साजिश के तहत हरिद्वार लाकर की थी हत्या
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। श्यामपुर पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने चण्ड़ी देवी मन्दिर के रोपवे के पास टूटे हुए पैदल मार्ग के जंगल से एक अज्ञात महिला का शव की गुत्थी को सुलझाते हुए उसके तीन हत्यारोपियों को बुंदेलखंड से गिरफ्तार किया है। जिनके पास से पुलिस टीम ने तीन मोबाइल और एक पिठ्ठू बरामद किया। पूछताछ के दौरान हत्यारोपियों ने साजिश के तहत महिला को हरिद्वार लाकर उसकी गला घोट कर हत्या करना स्वीकार किया। इस हत्या का खुलासा एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने रविवार को एसपी सिटी कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान किया।
उन्होंने बताया कि श्यामपुर पुलिस ने 10 मई को सूचना पर चंडीदेवी मन्दिर रोपवे के समीप पैदल मार्ग के सटे जंगल से एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया था। महिला का शव पुराना होने के कारण सड चुका था और उसके चेहरे को कीडे माकौडो ने खा रखा था, जिसकारण मृतका की पहचान होना मुश्किल हो रहा था। मृतका के एक हाथ पर कौशाल्य नाम और दूसरे हाथ में के आर और दिल का निशान गुदा हुआ था। पुलिस ने घटना से आलाधिकारियों को अवगत कराया गया। सूचना पर फॉरेसिंक टीम और आलाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया।
एसएसपी ने बताया कि उनके द्वारा अधीनस्थों को मृतका की पहचान और घटना के खुलासा करने के लिए निर्देश देते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित पुलिस टीम में सीआईयू को भी शामिल किया गया। पुलिस टीम ने 25 दिनों की भारी मशकत और 600 घंटों का फुटेज, लाखों मोबाइल नंबरों को विश्लेषण करने पर घटना के सम्बंध में अहम सुराग हाथ लगा। सीसीटीवी कैमरे में 08 मई को तीन लोग एक महिला के साथ चंडीदेवी पैदल मार्ग पर जाते देखे गये, लेकिन लौटने पर उनके साथ महिला नहीं थी। जब पुलिस टीम ने अपनी जांच आगे बढाई तो तीनों संदिग्धों की लोकेशन बुंदेलखंड में देखी गयी।
कप्तान ने बताया कि पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाये बुंदेलखंड पहुंचकर तीनों संदिग्धों को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान संदिग्धों ने अपना नाम राकेश पुत्र राजा निवासी ग्राम ग्योडीबाबा थाना कोतवाली नगर बांदा जनपद बांदा उ0प्र0, रामप्रकाश उर्फ गोविन्दा पुत्र राजा निवासी ग्राम ग्योडीबाबा थाना कोतवाली नगर बांदा जनपद बांदा उ0प्र0 और छेदीलाल पुत्र ईशूरी प्रसाद निवासी ग्राम काहला गंछा थाना कोतवाली नगर बांदा जिला बांदा उत्तर प्रदेश बताते हुए खुलासा किया कि कौशाल्य की गला घोट कर हत्या करना स्वीकार किया।
उन्होंने बताया कि कौशाल्य का रामप्रकाश से प्रेम प्रसंग था, जिसकारण महिला रामप्रकाश पर शादी करने का दबाब डाल रही थी। जिसकारण रामप्रकाश ने अपने भाई राकेश और जीजा छेदीलाल के साथ मिलकर साजिश के तहत कौशाल्य को हरिद्वार धुमाने और चंडीदेवी मन्दिर के दर्शन करने के बहाने जंगल में ले जाकर गला घोट कर हत्या कर दी। पुलिस ने तीनों हत्यारोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। ब्लांइड मर्डर का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को गढवाल आईजी राजीव स्वरूप ने पांच हजार और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने ढाई हजार का इनाम देने की घोषणा की है।
