एसएसपी ने यातायात पुलिस लाइन में किया मेला फोर्स को ब्रीफ
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। तीर्थनगरी में कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। देशभर से लाखों श्रद्धालुओं की आने की संभावना को देखते हुए संपूर्ण मेला क्षेत्र को 9 जोन व 33 सेक्टरों में बांटा गया है एसएसपी ने मेला ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को कमल दास कुटिया यातायात पुलिस लाइन में ब्रीफ किया।
एसएसपी अजय सिंह ने कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर अधीनस्थों को ब्रीफ करते हुए कहा कि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं से शालीनता का व्यवहार करें । कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व पर चंद्र ग्रहण होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा ज्यादा हो सकता है। यातायात व्यवस्था सुचारू बनाने के लिए बाहर से आने वाले वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा किया जाएगा। यातायात अव्यवस्था न हो इसके लिए ड्यूटी पर तैनात जोनल व सेक्टर प्रभारी अपने अपने क्षेत्र में अधीनस्थों से संपर्क कर स्थिति का जायजा लेते रहे। संपूर्ण मेला क्षेत्रा को 9 जोन 33 सेक्टरों में बांटा गया है।
उन्होंने बताया कि जोन का प्रभारी पुलिस उपाध्यक्ष स्तर को बनाया गया है, जबकि सेक्टर प्रभारी निरीक्षक व थाना प्रभारी को बनाया गया है। कार्तिक पूर्णमासी पर हरकी पौड़ी स्थित भारत स्काउट एवं गाइड्स पर कथित ज्ञान गोदड़ी विवाद के चलते हैं उसे अलग जोन बनाया गया है जिसका जोनल अधिकारी व सेक्टर प्रभारी मौके की स्थिति का जायजा लेते रहेंगे व सादे कपड़े में भी पुलिसकर्मी निरंतर निगरानी बनाए रखेंगे। मेला क्षेत्र में 09 पुलिस उपाधीक्षक, 28 निरीक्षक व थाना प्रभारी 69 उप निरीक्षक, 20 महिला उप निरीक्षक, 103 मुख्य आरक्षी, 325 आरक्षी यातायात व्यवस्था के लिए 03 उप निरीक्षक, 10 हेड कांस्टेबल व 30 कांस्टेबल चार पीएसी कंपनी व दो प्लाटून मेला क्षेत्र में तैनात रहेंगी।
इसके अलावा दो बम निरोधक दस्ते की टीमें महत्वपूर्ण स्थानों पर निरंतर चेकिंग अभियान करेंगे। डॉग स्क्वायर टीम मेला क्षेत्र में भ्रमण करेगी। भीड़ को नियंत्रण करने के लिए घुड़सवार पुलिस टीम भी तैनात की गई है, गंगा घाटों पर जल पुलिस के तैराक दल तैनात किए गए हैं। संपूर्ण मेला क्षेत्र में स्थानीय अभिसूचना इकाई के 20 अधिकारी व कर्मचारी महत्वपूर्ण जानकारियों की सूचना एकत्रित कर तत्काल जानकारी देंगे। इस मौके पर एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार समस्त क्षेत्राधिकारी व जोनल व सेक्टर प्रभारी मौजूद रहे।
