कुख्यात विश्नोई के नाम से मांगी गयी रंगदारी
रंगदारी पूर्व के नम्बर से टैक्स मैसेज भेज कर मांगी
एसएसपी ने की खुलासे के लिए विशेष पुलिस टीम गठित
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। एक बार फिर कुख्यात लारेंश विश्नोई के नाम पर शहर के हार्डवेयर व्यापारी के बेटे से रंगदारी मांगने का मामला प्रकाश में आया है। बताया जा रहा हैं कि इस बार कुख्यात के नाम से रंगदारी टैक्स मैसेज भेज कर मांगी गयी है। जबकि हार्डवेयर व्यापारी के बेटे से 09 मार्च 23 को कॉलकर उस वक्त 20 लाख की रंगदारी मांगी गई थी। जब व्यापारी का बेटा अपनी ससुराल यात्रा पर था। दोबारा रंगदारी का मामला सामने आने पर एसएसपी ने विशेष पुलिस टीम गठित करते हुए मामले का खुलासे करने के निर्देश दिये है।
कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक भावना कैंथोला ने बताया कि एक बार फिर हार्डवेयर व्यापारी संतोष महेश्वरी पेरीवाल पुत्र स्व. मोहन लाल पेरीवाल निवासी निंरजनी अखाड़ा बाग कोतवाली नगर हरिद्वार ने कोतवाली में तहरीर देते हुए शिकायत की है। शिकायत मे कहा गया हैं कि उसके बेटे शिवेश महेश्वरी पेरीवाल को दोबारा कुख्यात लारेंश विश्नोई के नाम पर उसी नम्बर से टैक्स मैसेज भेज कर रंगदारी मांगी गयी है। पुलिस ने मामले से एसएसपी को अवगत कराया है। जिनके निर्देश पर पुलिस ने पीडित व्यापारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एसएसपी अजय सिंह ने मामले को गम्भीरता से लेते हुए विशेष पुलिस टीम गठित करते हुए शीघ्र मामले के खुलासे के निर्देश दिये है। पुलिस टीमे व्यापारी के बेटे को भेजे गये टैक्स मैसेेज के आधार पर रंगदारी मांगने वाले तक पहुंचने में जुट गयी है। बताते चले कि 09 मार्च को पहली बार हार्डवेयर व्यापारी संतोष माहेश्वरी पेरीवाल के बेटे से उस वक्त कॉल कर 20 लाख की रंगदारी मांगी गयी थी, जब वह अपनी ससुराल मुम्बई यात्रा पर थे। इस बात की जानकारी शिवेश ने फोन पर अपने पिता को दी थी। कॉलर ने अपने को कुख्यात लारेंश विश्नोई गैंग का आदमी बताते हुए रंगदारी के लिए धमकाया। जिसके बाद उसी नम्बर से व्हाट्सएप मैसेज भी भेजा गया था। जिसमें कॉलर ने 20 लाख की रकम 13 मार्च तक देने को चेताया था।
