आरोपियों से चोरी का माल बरामद
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। गंगा स्नान करने आये दिल्ली के यात्री का सामान चोरी करने वाले चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्रतार किया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने चोरी किया गया समान बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि 05 अप्रैल को कुलदीप सिंह पुत्र मदनलाल निवासी बरवाला शाहाबाद दिल्ली अपने मित्र के साथ गंगा स्नान करने के लिए आए थे, हाथी पुल के पास दोनों दोस्त गंगा स्नान कर रहे थे। इसी दौरान किसी ने बैग चोरी कर लिया, जिसमें एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, मोबाइल फोन के अलावा ड्राइविंग लाइसेंस और हजारों की नकदी थी। तीर्थयात्री ने मामले की शिकायत 06 अप्रैल को पुलिस से की।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए घटना में शामिल लोगों की पहचान के प्रयास किये। पुलिस ने फूटेज में नजर आ रहे संदिग्धों की तलाश शुरू कर दीं। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुशाघाट पर चार संदिग्ध् देखे गये हैं, जोकि चोरी की नीयत से धुम रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संदिग्धों को दबोच लिया।
तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, मोबाइल फोन और तीन हजार की नगदी बरामद की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम अनंतराम पुत्र लोचन, गिरधारी लाल पुत्र मोहनलाल, विमल कुमार पुत्र जगदंबा प्रसाद निवासीगण ग्राम दुल्हापुर बेकर धनीपुर गोंडा उत्तर प्रदेश और राजेश पुत्र लोटन सिंह निवासी ग्राम जिगाना बाजार थाना मनकापुर गोंडा उत्तर प्रदेश बताते हुए खुलासा किया कि वह कुंभ में चोरी करने के इरादे से हरिद्वार आये है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए मेडिकल के पश्चात आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उनको जेल भेज दिया गया है।
