मुकेश वर्मा
हरिद्वार। हरिद्वार में 24 नवम्बर को पड़ने वाले कार्तिक पूर्णिमा स्नान को सकुशल संपन्न कराने के लिए एसपी सिटी दीपक कुमार और एसपी देहात अभय कुमार ने स्नान पर्व पर तैनात पुलिस कर्मियों व अधिकारियों को ऋषिकुल स्थित ऑडिटोरियम में ब्रीफ करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर विभिन्न प्रांतों से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किये गये है। स्नान पर्व को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए मेला क्षेत्र को 02 सूपर जोन, 11 जोन और 36 सैक्टरों में विभाजित किया गया है। जिनमें जोनल और सेक्टर अधिकारियों को तैनात किया गया है।
स्नान पर्व पर तैनात पुलिस कर्मियों व अधिकारियों को स्थानीय लोगों समेत बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं से मधुर व्यवहार करने साथ ही निर्धारित यातायात प्लान और व्यवस्थाओं का पालन करने के निर्देश दिए गये है। ब्रीफिग के दौरान स्थानीय अभिसूचना ईकाई के अधिकारियों को गुप्त रूप से पूरे मेला क्षेत्र में कड़ी नजर रखने तथा प्रत्येक जोन में नियुक्त पुलिस कर्मी अन्य अधिकारीगण के साथ मिलकर क्षेत्र के संभ्रांत व्यक्तियों से समन्वय स्थापित कर कोई भी समस्या परिलक्षित होने पर तत्काल उसके निवारण के निर्देश दिए गये।



