♦मामूली विवाद के चलते बाइक सवार युवक ने कांवडिये को मारी गोली
♦घायल कांवडिये अजय का एक्स ऋषिकेश में चल रहा उपचार
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कनखल पुलिस ने कांवडिये को गोली मारकर घायल करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि फरार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का दावा हैं कि जल्द ही अन्य फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। कांवडिये को गोली मारने के पीछे मामूली विवाद बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए मेडिकल के बाद उनको न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि बीती देर रात कंट्रोल रूम से पुलिस को सूचना मिली कि गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास कांवड़ लेकर जा रहे एक कांवडिये को मोटरसाइकिल सवार युवकों ने गोली मारकर घायल कर फरार हो गये है। सूचना पर कनखल पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कांवडिये अजय निवासी पानीपत (हरियाणा) को तत्काल उपचार के लिए भूमानंद हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां पर उसकी हालत को देखते हुए चिकित्सकांे ने उसको उपचार के लिए हॉयर सेंटर एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया। पुलिस ने घायल कांवडिये से घटना की जानकारी जुटाते हुए घटना के कुछ देर बाद ही एक बाइक सवार आरोपी को दबोच लिया।
उन्होंने बताया कि आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपना नाम शिवराज निवासी शांतिपुरम कॉलोनी, जगजीतपुर, कनखल बताया है। पुलिस ने दबोचे गये आरोपी की निशानदेही पर फरार तीन आरोपियों आदित्य कुमार, हेमंत कुमार और वंश गुप्ता को भी गिरफ्तार कर लिया। अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। कप्तान ने बताया कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा के चार कांवडिये हरिद्वार से गंगा जल भर कर अपने गतंव्य की ओर पैदल जा रहे थे, तभी गुरुकुल कांगड़ी के पास देर रात 6-7 बाइक सवारों के साथ किसी बात को लेकर उनका विवाद हो गया। जिसपर बाइक सवार एक युवक ने कांवडिये को गोली मार दी।
