दोस्त की बहन के घर से की थी सोने—चांदी के जेवरात चोरी
एक माह पूर्व ही हत्या के प्रयास मामले में जमानत पर आया था बाहर
आरोपी पूर्व में जा चुका चोरी मामले में जेल, चोरी के जेवरात बरामद
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। दोस्त की बहन के घर से लाखों की चोरी करने वाले एक साल से फरार आरोपी को कनखल पुलिस ने यूपी से गिरफ्रतार कर लिया। आरोपी की निशानदेही से पुलिस ने चोरी किये गये जेवरात बरामद किये है। आरोपी एक माह पूर्व ही हत्या के प्रयस मामले में जेल से बाहर आया था। पुलिस ने आरोपी को हरिद्वार लाकर उसको मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
कनखल थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश सिंह चौहान ने बताया कि 10 मार्च 2021 में संगीता पत्नी कौशल राठी निवासी श्रीचंद्र लोक अपार्टमेंट चौथी मंजिल दक्ष मंदिर कनखल ने तहरीर देकर शिकायत की थी कि 07 मार्च 21 को उसके छोटे भाई का दोस्त हर्षित पुत्र नागेंद्र निवासी ग्राम रामपुरा थाना छजलेट मुरादाबाद उत्तर प्रदेश उसके घर आकर ठहरा था। छोटे भाई का दोस्त होने के कारण वह उसपर विश्वास कर फ्रलैट को उसके हवाले कर बाजार चली गयी।
इसी दौरान हर्षित ने मौका पाकर घर में रखे लाखों के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गया। जिसकी जानकारी उसके घर पहुंचने पर हुई। पुलिस ने पीडिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। जिसकी विवेचना उप निरीक्षक उपेन्द्र को सौपी गयी। विवेचक ने आरोपी को दबोचने के लिए उसके सम्भावित ठिकानों पर छापेमारी की गयी, लेकिन आरोपी पुलिस को गच्चा देकर बच निकलने में कामयाब रहा। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी कि इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी अपने घर मुरादाबाद आया हुआ है।
पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाये आरोपी के घर पर छापामार कर दबोच लिया। जिसकी निशानदेही से पुलिस ने चोरी किये गये जेवरात भी बरामद कर लिये। पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपी एक माह पूर्व ही हत्या के प्रयास मामले में मुरादाबाद जेल से जमानत पर बाहर आया था। पुलिस के मुताबिक आरोपी पूर्व में भी दो बार चोरी के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस ने आरोपी को मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
