घटना में पिता की मौत, बेटी, धेवती समेत रिश्तेदार घायल
बेटे की शादी में शामिल होने आये रिश्तेदारों को छोड़ने जा रहे थे रेलवे स्टेशन
वर्कर हाॅस्टल के पास हो गया हादसा, खुशी का माहौल गम में बदला
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। बेटे की शादी में शामिल होने आये रिश्तेदारों को रेलवे स्टेशन छोड़ने जाते वक्त कार साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में कार पेड़ से टकरा गयी। घटना में व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि बेटी, धेवती समेत रिश्तेदार समेत साइकिल सवार घायल हो गये।
घटना भेल स्थित वर्कर हाॅस्टल के पास मंगलवार की देर शाम हुई। सात साल की धेवती की हालत गम्भीर देखते हुए उसको हाॅयर सेंटर रेफर करने की बात कही जा रही है। जबकि अन्य घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी। घटना से घर में खुशी का महौल गम में बदल गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपूर्द कर दिया।
कोतवाली रानीपुर प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह बिष्ट ने बताया कि बीती देर शाम को भेल स्थित वर्कर हाॅस्टल के पास साइकि सवार को बचाने के चक्कर में कार चला रही महिला अपना संतुलन खो बैठी और साइकिल सवार को टक्कर मारते हुए कार पेड़ से जा टकरा गयी। घटना में कार सवार लोगों में चीख पुकार मच गयी। राहगिर बलवंत सिंह ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साइकिल सवार समेत कार में सवार घायलों को उपचार के लिए मेला अस्पताल पहुंचाया।
मेला अस्पताल में चिकित्सकों ने घायल एक वृद्ध को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल सात साल की बच्ची की हालत देखते हुए उसको हाॅयर सेंटर रेफर कर दिया। सूचना पर पुलिस ने मेला अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। जिसकी पहचान उमेश रसताना पुत्र मोहन शंकर उम्र 66 वर्ष निवासी टिहरी विस्थापित काॅलोनी रानीपुर हरिद्वार के रूप में हुई है।
वहीं कार सवार घायलों की पहचान श्रीमती निहारिका पत्नी चंदर निवासी टिहरी विस्थापित काॅलोनी रानीपुर, सात साल की शिंवाजलि पुत्री चंदर निवासी टिहरी विस्थापित काॅलोनी रानीपुर, श्रीमती सुनीता जैन पत्नी स्व. प्रवीण निवासी जोगीवाला देहरादून, श्रीमती अनीता जैन पत्नी मोती जैन निवासी मुजफ्रफरनगर यूपी और साइकिल सवार की पहचान अनिल शर्मा पुत्र रामपाल निवासी जगजीतपुर कनखल के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपूर्द कर दिया।
बताया जा रहा हैं कि मृतक उमेश रसताना के बेटे की 06 फरवरी को विवाह था, विवाह समारोह में शामिल होने आये रिश्तेदारों को 07 फरवरी की देर शाम कार से रेलवे स्टेशन पर छोड़ने के लिए जा रहे थे। कार उनकी बेटी निहारिका चला रही थी, उमेश रसताना बेटी निहारिका के बगल वाली सीट पर बैठे थे और उनकी गोद में धेवती शिंवाजलि बैठी थी। घटना में बच्ची के नाना की मौत हो गयी, जबकि बच्ची गम्भीर रूप से घायल बतायी जा रही है। वहीं कार चला रही बेटी भी घायल है।
