श्यामपुर क्षेत्र में हुई घटना, चालक व बस पुलिस कब्जे में
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। यूपी परिवहन बस ने स्कूटी सवार दो युवको को चिड़ियापुर के पास सीधी टक्कर मार दी। घटना इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी। सूचना पर श्यामपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बस व चालक को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने दोनों युवकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजकर उनके परिजनों को सूचित कर दिया।
श्यामपुर एसओ अनिल चौहान ने बताया कि बीती देर शाम हरिद्वार से नजीबाबाद की ओर जा रही यूपी परिवहन की बस ने सामने से आ रहे स्कूटी सवार दो युवकों को चिडियापुर के पास सीधी टक्कर मार दी। घटना में स्कूटी सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बस और चालक को कब्जे में ले लिया।
घटना में मारे गये दोनों युवकों की शिनाख्त मुकेश चौधरी पुत्र सूरज सिंह उम्र 46 वर्ष निवासी देवनगर काॅलोनी शिवालिकनगर रानीपुर हरिद्वार और सचिन पुत्र राम नरेश उम्र 22 वर्ष निवासी शाहाबाद हरदोई यूपी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवोें को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा कर उनके परिजनों को सूचित कर दिया। पुलिस ने शनिवार को दोनों शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपूर्द कर दिया। घटना के सम्बंध् में अभी तक पीडित परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गयी है। तहरीर मिलते ही आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्यवाही की जाएगी।
