♦एसपी देहात समेत पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर जुटाई घटना की जानकारी
♦गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात, हत्यारोपी की तलाश जारी
मुकेश वर्मा
हरिद्वार/रूडकी। कोतवाली रूडकी क्षेत्रान्तर्गत गांव झाबरेडी कलां में शनिवार की सुबह बहन के प्रेम प्रसंग से नाराज युवक ने प्रेमी के घेर पर पहुंचकर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना को अंजाम देने के बाद युवक ने घर पहुंचकर अपनी बहन को भी गोली मार दी, घटना से गांव में हड़कम्प मच गया। घायल युवती को परिजन उपचार के लिए निजी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाने के बाद आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव झबरेडी कलां रूडकी निवासी अमन की बहन का पडोसी युवक मुन्ना उर्फ सूरज से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जिसकी जानकारी अमन को लगने पर उसने इस प्रेम प्रसंग पर अपनी आपत्ति जताते हुए विरोध जताया था और इसी बात को लेकर पडोसी युवक और बहन से नाराज था। बताया जा रहा हैं कि प्रेम प्रसंग को लेकर दोनों पक्षों में बीच विवाद हुआ था। जिसको गांव के मौजिज लोगों ने समझा बुझा कर माामले को शांत कर दिया था। लेकिन अमन का प्रेस प्रसंग को लेकर नाराजगी बनी हुई थी।
बताया जा रहा हैं कि प्रेस प्रसंग से नाराज अमन आज सुबह तमंचा लेकर मुन्ना के घेर पर पहुंचा और लेटे हुए मुन्ना को गोली मार दी। इस घटना से मुन्ना के परिवार में कोहराम मच गया। जिसको उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने मुन्ना को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा हैं कि अमन इस घटना को अंजाम देने के बाद अपने घर पहुंचा और अपनी बहन रूपा को गोली मार दी। गांव में दोनों घटनाओं से हड़कम्प मच गया। परिजन घायल युवती को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर उसका उपचार जारी है।
सूचना पर एसपी देहात अभय प्रताप सिंह समेत पुलिस बल ने मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी जुटाने के बाद हत्यारोपी अमन की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा हैं कि घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
