



गंगा घाटों की सफाई के लिए 16 करोड़ की परियोजना की घोषणा
आस्था पथ को मंजूरी देते हुए हरकी पैड़ी के लिए 40 करोड़ की मंजूरी
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने नमामि गंगे के करोडों के कार्य का लोकार्पण और शिलान्यास नव निर्मित चन्डीघाट पर किया। नमामि गंगे योजना के लोकार्पण के दौरान मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि देश के विकास के लिए कहीं कोई कमी नहीं है। बस कमी है तो सही दिशा में काम करने वालों की। इसके साथ ही उन्होंने ऐलान किया कि एक साल में गंगा इतनी पवित्र और साफ हो जाएगी कि आप उसका पानी पी सकेंगे। केंद्रीय मंत्री गडकरी ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से कहा कि सीवरेज व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए सभी घरों को पाइप लाइन से जोड़ा जाए। उन्होंने सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत से ऐसे संस्थानों पर कार्रवाई करने को कहा, जहां के होटलों से गंदा पानी गंगा में आने की शिकायतें मिल रही थी। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने हरिद्वार गंगा घाटों की सफाई के लिए 16 करोड़ की परियोजना की घोषणा भी की। साथ ही इकबालपुर सिंचाई परियोजना को मंजूरी दी। उन्होंने सोलानी नदी की सफाई को भी सैद्धातिक सहमति दी, जबकि बाण गंगा नदी के उदगम को खोलने और नदी के पुनर्जीवन की बात कही। उन्होंने कहा कि इससे गंगा के पानी में इजाफा होगा। केंद्रीय मंत्री ने हरिद्वार में आस्था पथ को मंजूरी देते हुए हरकी पैड़ी के लिए 40 करोड़ की मंजूरी दी। इसके लिए 27 फरवरी को दिल्ली में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। 5894 करोड़ की लागत से राष्ट्रीय राजमार्ग एवं नमामि गगे की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करने से पहले केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शहीदों की याद में रुद्राक्ष वृक्ष का रोपण भी किया। वन मंत्री डाॅ. हरक सिंह रावत के अनुरोध् पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने चंडी घाट के लोकार्पण के अवसर पर कोटद्वार क्षेत्र के महत्वपूर्ण योजनाओं की स्वीकृति के लिए घोषणा की। इन महत्वपूर्ण घोषणाओं में मेरठ से नजीबाबाद ,नजीबाबाद से कोटद्वार ,चिल्लर खाल ,लाल ढंग एवं गैंडीखाता तक फोरलेन मोटर मार्ग का विस्तार करना प्रमुख है। इसी क्रम में गंगा की पवित्रता बनाए रखने हेतु नमामि गंगे परियोजना के तहत कोटद्वार नगर निगम के लिए सीवर लाइन निर्माण की स्वीकृति हेतु घोषणा भी की गई। इसी के साथ प्रदेश सरकार के सर्वे एवं नामित कार्यदाई संस्था के अनुसार कोटद्वार कालागढ़ रामनगर जिसे कि हम कंडी मार्ग कहते हैं को फोरलेन बनाए जाने की घोषणा की। प्रधानमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट आल वेदर रोड के विस्तारीकरण के क्रम में डाॅ. हरक सिंह रावत के सुझाव एवं अनुरोध् पर कोटद्वार से श्रीनगर तक आल वेदर रोड जिसकी पहले ही स्वीकृति दी गई है इस मार्ग पर दुगड्डा से सतपुली तथा ज्वालपा से खंडा तक सुरंग बनाने की घोषणा की गई, जिससे कि कोटद्वार श्रीनगर की दूरी आधी रह जाएंगी। इस ऐतिहासिक घोषणाओं के के लिए डाॅ. हरक सिंह रावत ने केंद्रीय परिवहन मंत्री डाॅ. नितिन गडकरी का हृदय से आभार जताया। कार्यक्रम में केंद्र राज्य मंत्री सतपाल सिंह, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, हरिद्वार सांसद रमेश पोखरियाल निशंक, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, मंत्री डाॅ. हरक सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक स्वामी यतीशवरानंद, सुरेश राठौर, आदेश चौहान, संजय गुप्ता, पूर्व मेयर मनोज गर्ग आदि शामिल थे।



