घटना से क्षेत्र में मचा हड़कम्प, घायल जिला अस्पताल भर्ती
मुकेश वर्मा/अजय नेगी
हरिद्वार। परिवारिक रंजिश को लेकर एक व्यक्ति ने एक कब्बाड़ी को उसके गोदाम में जाकर गोली मार दी। घटना से क्षेत्र में हड़कम्प मच गया। गोली कब्बाड़ी के हाथ पर लगी, घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां उसको उपचार के लिए भर्ती कर लिया गया है। घटना की जानकारी लगते ही ज्वालापुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। घायल युवक के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार की दोपहर को एक कब्बाड़ी सुहैल पुत्र मतलू उम्र करीब 25 वर्ष निवासी अहबावनगर ज्वालापुर अपने गोदाम में बैठा था कि अचानक एक व्यक्ति वहां पहुंचा और तमंचा निकाल कर गोली दाग दी। गोदाम में बैठे कब्बाड़ी ने बचने का प्रयास किया, लेकिन गोली उसके हाथ में जा लगी। गोली की आवाज सुनकर क्षेत्र में हड़कम्प मच गया। घटना स्थल पर लोगों की भीड एकत्रित होने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल को आनन—फनन में उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। घटना की जानकारी लगते ही ज्वालापुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। बताया जा रहा हैं कि घायल युवक के परिजनों की ओर से आरोपी अकबर पुत्र अनवर निवासी अहबावनगर ज्वालापुर के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस तहरीर के आधार पर फरार आरोपी की तलाश में जुट गयी है। बताया जा रहा हैं कि घटना के पीछे पुरानी परिवारिक रंजिश है। जिसके चलते कब्बाड़ी को गोली मारी गयी है। पुलिस के अनुसार आरोपी भी कब्बाड़ी है। जिला अस्पताल के चिकित्सक डॅा. केके करौली के अनुसार सुहैल के हाथ में गोली लगी है। जिसको उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है।
