♦पुलिस की मुस्तैदी के चलते तीनों बदमाश गिरफ्तार, सूचना पर आलाधिकारी मौके पर पहुंचे
♦एसएसपी ने अस्पताल पहुंचकर चिकित्सक से घायल बदमाश के स्वास्थ्य की ली जानकारी
♦दो पिस्टल, दो तमंचे समेत जिंदा कारतूस बरामद, घायल बदमाश लूट में जा चुका जेल
♦पुलिस बदमाशों के अपराधिक इतिहास खंगालने में जुटी
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कोतवाली बहादरबाद क्षेत्र हाईवे पर रविवार की शाम मेरठ से हरिद्वार आ रहे अवैध हथियार सप्लायरों और पुलिस के बीच मुठभेड के दौरान तीनों बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड में एक बदमाश के पैर में गोली लगने पर उसको उपचार के लिए उप जिला अस्प्ताल ले जाया गया। सूचना पर एसएसपी समेत पुलिस अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण के बाद अस्पताल पहुंचकर घायल बदमाश के स्वास्थ्य की जानकारी चिकित्सक से जुटाई। बदमाशों के पास से दो पिस्टल, दो तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद हुए है। घायल बदमाश पूर्व में लूट के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस बदमाशों के अपराधिक इतिहास को खंगालने का प्रयास कर रही हैं साथ ही इस बात का भी पता लगा रही हैं कि बदमाशों ने हरिद्वार में किन-किन लोगों को अवैध हथियार सप्लाई किये है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि कोतवाली बहादराबाद पुलिस को रविवार की शाम को सूचना मिली कि अवैध हथियार सप्लायर कुछ बदमाश मेरठ से अवैध हथियारों की सप्लाई करने के लिए कार से हाईवे मार्ग से हरिद्वार पहुंच रहे है। इस सूचना को गम्भीरता से लेते हुए पुलिस ने हाईवे पर फील्डिंग लगाकर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। इसी दौरान बताये गये नम्बर की कार नजर आते ही पुलिस टीम ने कार को घेर कर रोकने का प्रयास किया, तभी बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और बदमाश कार छोड कर भागने लगे, तभी पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए दो बदमाशों को दबोच लिया।
उन्होंने बताया कि जबकि एक बदमाश गन्ने की खेत की ओर भाग गया। पुलिस टीम ने उस बदमाश का पीछा किया तो उसने पुलिस टीम पर फॉयर शुरू कर दिया। पुलिस टीम ने भी अपना बचाव करते हुए जबाबी कार्यवाही शुरू कर दी। जबाबी कार्यवाही में बदमाश के पैर में गोली लगने से घायल होने पर पुलिस ने उसको दबोच लिया। जिसके पास से पुलिस को दो पिस्टल, एक तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया।
एसएसपी ने बताया कि घायल बदमाश को उपचार के लिए उप जिला मेला अस्पताल ले जाया गया। घायल बदमाश की पहचान मुकुल पुत्र कन्हैया निवासी ग्राम बमोरी, पोस्ट बमोरी, थाना सरधना, जनपद मेरठ यूपी, विशाल पुत्र मगता निवासी वाल्मीकि बस्ती, शिव मंदिर के पास, कोतवाली बहादराबाद, हरिद्वार और भूपेंद्र पुत्र विजय कुमार निवासी मंसूरपुर झोरा, थाना मंसूरपुर, जनपद मुजफ्फरनगर, यूपी के तौर पर हुई है। पुलिस ने भूपेन्द्र के पास से एक तमंचा बरामद किया है। घायल बदमाश पूर्व में लूट के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस तीनों बदमाशों से पूछताछ करते हुए उनके अपराधिक इतिहास को खंगाल रही है। पुलिस इस बात का भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि बदमाशों ने हरिद्वार में किन-किन लोगों को हथियार सप्लाई किये है।



