पुलिस ने किया चार युवकों को गिरफ्रतार
आरोपियों की कार से तलवार व लाईसेंसी पिस्टल बरामद
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। बीती रात कनखल क्षेत्र स्थित एक होटल में बच्चे के बर्थ-डे पार्टी में करीब एक दर्जन युवकों ने पार्टी में शामिल लोगों पर हमला बोल दिया। घटना से होटल में अफरा-तफरी मच गयी। जिसकी जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चार लोगों को गिरफ्रतार कर लिया, जबकि तीन फरार हो गये। पुलिस ने आरोपियों की कार से लाठी-डण्डे, तलवार और लाईसेंसी रिवाल्वर बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पीडित की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात कनखल स्थित होटल लक्ष्य में गोल्डी बहल पुत्र स्व. बलवीर बहल निवासी विष्णु गार्डन कनखल के बेटे की बर्थ-डे पार्टी चल रही थी। आरोप हैं कि इसी दौरान करीब एक दर्जन युवकों ने बर्थ-डे पार्टी में खलल डाल दिया और गोल्डी सहित पार्टी में शामिल लोगों के साथ गाली गलौच कर मारपीट शुरू कर दी। आरोप हैं कि युवकों ने लाठी-डण्डे व तलवार के साथ-साथ पिस्टल लहराते हुए धमकाते हुए खौफ पैदा कर दिया। घटना से होटल में अफरा-तफरी मच गयी। जिसकी जानकारी लगते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चार युवकों हर्ष शर्मा पुत्र प्रमोद शर्मा निवासी सती घाट कनखल, आकाश दत्त पुत्र विनोद निवासी देवपुरा हरिद्वार, हिमांशु चचंल पुत्र दयाराम चचंल निवासी गणेशपुरम कनखल और रॉबिन शर्मा पुत्र सुनील कुमार शर्मा निवासी विवेक विहार कॉलोनी रानीपुर ज्वालापुर को गिरफ्रतार कर लिया। जिनकी कार से पुलिस ने लाठी-डण्डे, तलवार व लाईसेंसी पिस्टल बरामद की हैं। पिस्टल हर्ष शर्मा की बतायी जा रही है। जबकि फरार होने वाले युवकों के नाम मंटी, हनी और नवीन निवासीगण सती घाट कनखल है। कनखल पुलिस ने पीडित गोल्डी बहल की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। कनखल एसओ ओम कांत भूषण के अनुसार बीती रात होटल लक्ष्य में गोल्डी बहल के बेटे की बर्थ-डे पार्टी चल रही थी। इसी दौरान कुछ युवकों ने वहां पर पहुंचकर हंगामा करते हुए पार्टी में शामिल लोगों के साथ गाली गलौच करते हुए मारपीट शुरू कर दी। जिसकी जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चार युवको को गिरफ्रतार कर लिया। जबकि तीन फरार होने में कामयाब रहे। आरोपियों की कार से लाठी-डण्डे, तलवार और लाईसेंसी पिस्टल बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि पीडित ने घटना में करीब एक दर्जन युवकों के शामिल होने की शिकायत की थी। लेकिन होटल के सीसीटीवी फूटेज में अन्य ग्राहकों की भीड़ होने के कारण और अफरा—तफरी के होने पर आरोपियों की सही स्थिति पैदा नहीं हो सकी है।
