मुकेश वर्मा
हरिद्वार। हरिद्वार बस अड्डे पर सवारियों को लेकर दो बसों के कंडक्टरों के बीच विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक कंडक्टर अपना विरोध जताते हुए हंगामा करता नजर आ रहा है। मामला उस समय और ज्यादा चर्चा में आ गया, जब विरोध कर रहा कंडक्टर बस को आगे बढ़ने से रोकने के लिए उसके सामने जाकर लेट गया।
बताया जा रहा हैं कि हरिद्वार बस अड्डे पर जब मुरादाबाद, बरेली और शाहजहांपुर जाने वाली उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की एक बस सवारियां बैठाकर बस अड्डे से रवाना होने वाली थी। इसी दौरान दूसरी बस के कंडक्टर ने सवारियां बैठाने को लेकर विरोध शुरू कर दिया। विवाद इतना बढा कि विरोध कर रहा कंडक्टर बस के आगे जाकर लेट गया, जिससे बस को आगे बढ़ने से रोक दिया गया। अचानक हुए इस हंगामे को देखकर आसपास मौजूद यात्रियों और लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। इस पूरे घटनाक्रम का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जिसके बाद यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

