मुकेश वर्मा
हरिद्वार। भेल से सटे संजय नगर टिबडी कॉलोनी में बीती रात गुलदार घुसने से हड़कंप मच गया। कॉलोनी के लोगों ने शोर मचा कर गुलदार को खदेड़ दिया। कॉलोनी के लोग लाठी-डंडे लेकर घरों से बाहर निकल आये। लोगों का कहना है कि गुलदार कॉलोनी के प्राइमरी स्कूल में घुस गया। जिसकी जानकारी मिलते ही काॅलोनी के लोगों की भीड प्राईमरी स्कूल के बाहल लग गई। कॉलोनी के लोगों ने गुलदार के रिहायशी इलाके में घुसने की जानकारी वन विभाग को दी। सूचना पर वन विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर प्राइमरी स्कूल के आसपास जुटे लोगों की भीड़ को हटा कर गुलदार की तलाश की, लेकिन गुलदार नहीं मिला। बताया जा रहा है कि अंधेरे का फायदा उठा कर गुलदार कॉलोनी से सटे जंगल में भाग निकलने में कामयाब रहा।
